भावना एस्टेट में सज रही जनकपुरी, अपर पुलिस आयुक्त ने लिया सुरक्षा तैयारियों का जायजा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 25 सितंबर 2026

भावना एस्टेट में सज रही जनकपुरी, अपर पुलिस आयुक्त ने लिया सुरक्षा तैयारियों का जायजा

भावना एस्टेट में सज रही जनकपुरी, अपर पुलिस आयुक्त ने लिया सुरक्षा तैयारियों का जायजा

सचिन्द्र पटेल ने अधिकारियों के साथ किया स्थलीय निरीक्षण, यातायात, पार्किंग और भीड़ नियंत्रण को लेकर दिए जरूरी निर्देश

आगरा। भावना एस्टेट में सज रही जनकपुरी महोत्सव को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था की तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी श्रीरामलीला मंचन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस आयुक्त आगरा सचिन्द्र पटेल ने पुलिस उपायुक्त नगर समेत अन्य अधिकारियों के साथ थाना सिकंदरा क्षेत्र स्थित जनकपुरी स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने आयोजन स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थलों, प्रवेश और निकास मार्गों तथा संभावित भीड़ के मद्देनजर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के साथ भीड़ नियंत्रण के लिए सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरे कर लिए जाएं।

अधिकारियों ने आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं और दर्शकों की आवाजाही को लेकर संभावित दबाव वाले स्थानों का भी जायजा लिया। अपर पुलिस आयुक्त ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने के साथ ही पार्किंग और यातायात संचालन की ऐसी व्यवस्था तैयार करने पर जोर दिया, जिससे आयोजन के दौरान आम लोगों को परेशानी न हो।

आयोजन समिति से भी किया संवाद

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के पदाधिकारियों से संवाद कर तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस-प्रशासन और आयोजन समिति के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि रामलीला और जनकपुरी महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं एवं दर्शकों की सुविधा के साथ उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके लिए आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक पुलिस बल, यातायात प्रबंधन तथा भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, एसीपी हरीपर्वत/लाइंस, एसीपी कानून-व्यवस्था समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। वहीं जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति की ओर से कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, महामंत्री मनोज जादौन, सतीश ठाकुर, रामचंद्र राणा, पार्षद वेद प्रकाश, अभिनव यादव और जीपी सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

video

Pages