दिनदहाड़े युवती पर धारदार हथियार से हमला, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 12 सितंबर 2026

दिनदहाड़े युवती पर धारदार हथियार से हमला, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

दिनदहाड़े युवती पर धारदार हथियार से हमला, 24 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

जेसीबी चौराहे पर स्कूटी रोककर किया हमला, सिकंदरा पुलिस ने ओंकार को दबोचा; साथी वंश की तलाश जारी

आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र के शास्त्रीपुरम स्थित जेसीबी चौराहे के पास ड्यूटी पर जा रही 18 वर्षीय युवती पर धारदार हथियार से हमला करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को करीब 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी ओंकार को जेसीबी ग्राउंड के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। घटना में बताए जा रहे उसके साथी वंश की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, नौ सितंबर की सुबह युवती स्कूटी से नौकरी पर जा रही थी। जेसीबी चौराहे के पास आरोपी ने बाइक आगे लगाकर उसका रास्ता रोक दिया। आरोप है कि आरोपी युवती से बातचीत करना चाहता था और इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने धारदार वस्तु से युवती पर हमला कर दिया। युवती के घायल होने के बाद आसपास मौजूद लोगों के घटनास्थल की ओर बढ़ने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा पुलिस सक्रिय हो गई। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तकनीकी निगरानी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। लगातार प्रयास के बाद 10 सितंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जेसीबी ग्राउंड के पास घेराबंदी कर ओंकार को गिरफ्तार कर लिया।

पहले से जान-पहचान का पुलिस ने किया जिक्र, नंबर ब्लॉक होने के बाद बढ़ा विवाद

पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने युवती से पहले से परिचित होने की बात बताई है। पुलिस के मुताबिक युवती ने बाद में उससे दूरी बना ली थी और उसका नंबर ब्लॉक कर दिया था। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर दोबारा बातचीत करने का दबाव बना रहा था। पुलिस इस पूरे पहलू की भी जांच कर रही है।

पूछताछ में आरोपी ने घटना में धारदार वस्तु के इस्तेमाल की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने हथियार को नदी में फेंकने की बात कही है। पुलिस अब हथियार की बरामदगी के प्रयास कर रही है। इसके अलावा घटना के दौरान मोबाइल और स्कूटी की चाबी लिए जाने की बात भी सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

साथी वंश की तलाश, सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से जुड़ेंगी कड़ियां

पुलिस के अनुसार घटना के समय वंश नामक युवक के भी आरोपी के साथ होने की जानकारी सामने आई है। उसकी भूमिका की जांच की जा रही है और उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए घटना से पहले और बाद की गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।

24 घंटे में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी

मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी से पुलिस ने मामले में शुरुआती सफलता हासिल की है। अब पुलिस घटना में शामिल अन्य व्यक्ति की भूमिका, हथियार की बरामदगी और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी राजीव त्यागी, सर्विलांस प्रभारी अभिषेक कुमार तिवारी, चौकी प्रभारी कपिल कुमार, उपनिरीक्षक नीलेश शर्मा और आकाश यादव शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच साक्ष्यों के आधार पर जारी है।

video

Pages