स्कूल गए दो नाबालिग हुए लापता, तीन घंटे में मथुरा से सकुशल बरामद
सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने तलाशे दोनों बच्चे, परिजनों को सौंपकर लौटाई राहत
आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र के रुनकता कस्बे से स्कूल जाने के बाद लापता हुए दो नाबालिगों को आगरा पुलिस ने कुछ ही घंटों में मथुरा से सकुशल बरामद कर लिया। दोनों बच्चे बुधवार सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन निर्धारित समय तक वापस नहीं लौटे। परिजनों की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल तलाश शुरू की और सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी जानकारी के आधार पर दोनों तक पहुंच गई।
रुनकता कस्बा निवासी चंद्रपाल पुत्र संजय (16 वर्ष) और कृष्ण चौहान पुत्र रनवीर सिंह (14 वर्ष) बुधवार सुबह करीब सात बजे जेपी मेमोरियल राज पब्लिक स्कूल, रुनकता के लिए घर से निकले थे। स्कूल जाने के बाद दोनों घर नहीं लौटे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने अपने स्तर से तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस को सूचना दी।
रात करीब 9:30 बजे सूचना मिलते ही सिकंदरा पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने संभावित रास्तों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। इसके साथ ही दोनों बच्चों के दोस्तों और परिचितों से संपर्क कर उनके बारे में जानकारी जुटाई गई। जांच के दौरान पुलिस को दोनों की लोकेशन मथुरा की ओर होने के संकेत मिले।
पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मथुरा पहुंचकर गोवर्धन परिक्रमा मार्ग के आसपास तलाश शुरू की। लगातार प्रयास के बाद रात करीब एक बजे दोनों नाबालिगों को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों बच्चे स्वस्थ मिले और उनके साथ किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हुई थी।
दोनों बच्चों के सुरक्षित मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों की चिंता खुशी में बदल गई। आवश्यक पूछताछ और कार्रवाई के बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और तत्परता के लिए आभार जताया।
इन पुलिसकर्मियों ने संभाली तलाश की कमान
दोनों नाबालिगों की सकुशल बरामदगी में रुनकता चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष त्यागी, उपनिरीक्षक पवन गुप्ता, हेड कांस्टेबल महेश, रिक्रूट कांस्टेबल अमित तथा सर्विलांस टीम के हेड कांस्टेबल रुस्तम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस टीम की सक्रियता, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी इनपुट के बेहतर इस्तेमाल के चलते दोनों नाबालिगों को कुछ ही घंटों में दूसरे जिले से सकुशल बरामद कर लिया गया।