सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा, 24 सितंबर को आगरा पहुंचेगी वाराणसी-बड़नगर यात्रा
बमरौली कटारा में 25 सितंबर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का होगा सजीव प्रसारण, यात्रा के स्वागत और व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश
आगरा। सेवा संकल्प अभियान के तहत अब तक आयोजित कार्यक्रमों और आगामी आयोजनों की तैयारियों को लेकर बुधवार को नवीन सर्किट हाउस सभागार में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने अभियान के तहत चल रहे कार्यक्रमों की प्रगति पर चर्चा की। साथ ही वाराणसी से बड़नगर यात्रा के आगरा आगमन को लेकर स्वागत, सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश, डॉ. धर्मपाल सिंह, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, जिलाधिकारी मनीष बंसल और मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह सहित संबंधित अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
अधिकारियों ने सेवा संकल्प अभियान के तहत अब तक आयोजित ‘आशीर्वाद का दीया’, ब्लड डोनेशन कैंप, विश्वकर्मा जयंती पर टूल किट वितरण तथा स्कूल-कॉलेजों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर आयोजित चित्रकला, भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं की प्रगति की समीक्षा की।
बैठक में बताया गया कि ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत सभी विकासखंडों में सेवा शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों का चिह्नांकन किया जा रहा है। शिविरों में विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी चल रही है। वहीं ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ के तहत विकासखंडों में सांस्कृतिक दलों द्वारा नुक्कड़ नाटक आयोजित किए जा रहे हैं। जन सेवा गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया जा रहा है।
24 सितंबर को आगरा पहुंचेगी यात्रा
बैठक में बताया गया कि वाराणसी से बड़नगर यात्रा 24 सितंबर की शाम तक आगरा पहुंचेगी। यात्रा में शामिल स्वयंसेवकों का विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया जाएगा। यात्रा फतेहाबाद, आगरा ग्रामीण, एत्मादपुर और आगरा शहर विधानसभा क्षेत्रों से निर्धारित मार्ग से होते हुए फतेहपुर सीकरी विधानसभा क्षेत्र के रास्ते राजस्थान में प्रवेश करेगी।
25 सितंबर को ग्राम बमरौली कटारा में यात्रा के पड़ाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया जाएगा और लाभार्थियों से संवाद होगा। लाभार्थियों से संवाद के लिए आगरा को भी चयनित किया गया है।
एकलव्य स्टेडियम में होगा सेवा ज्योति कलश यात्रा का समापन
बैठक में बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत सभी विधानसभा क्षेत्रों से ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ निकाली जाएगी। इन यात्राओं का समापन एकलव्य स्टेडियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में किया जाएगा।
यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी मनीष बंसल ने संबंधित अधिकारियों को चिह्नित स्थलों पर साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और एंबुलेंस सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं पूरी करने को कहा।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने और सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट हेमंत कुमार, अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप वर्मा, पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह, डीडी पीआरडीए रेणु कुमारी, डीसी मनरेगा रामायण सिंह यादव, डीसी एनआरएलएम प्रेमचंद, समाज कल्याण अधिकारी नागेंद्र पाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।