खाली खेत में सज रही थी जुए की बड़ी फड़, जैतपुर पुलिस ने 20 जुआरियों को दबोचा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 24 सितंबर 2026

खाली खेत में सज रही थी जुए की बड़ी फड़, जैतपुर पुलिस ने 20 जुआरियों को दबोचा

खाली खेत में सज रही थी जुए की बड़ी फड़, जैतपुर पुलिस ने 20 जुआरियों को दबोचा

हार-जीत की लाखों की बाजी के बीच 4.79 लाख रुपये नकद बरामद, दो कार, चार बाइक और 20 मोबाइल भी कब्जे में

आगरा। जैतपुर थाना क्षेत्र में खाली खेत में जुए की बड़ी फड़ सजाकर हार-जीत की बाजी लगा रहे 20 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 4 लाख 79 हजार 940 रुपये की नकदी बरामद की। इसके अलावा दो कार, चार मोटरसाइकिल, 20 मोबाइल फोन और ताश की गड्डियां भी कब्जे में ली गई हैं। एक साथ 20 लोगों की गिरफ्तारी और करीब पांच लाख रुपये की बरामदगी से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस के मुताबिक 22 सितंबर को थाना जैतपुर पुलिस क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम गढ़ी प्रतापपुरा से कूकापुर रोड के पास खाली खेत में कुछ लोग हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुए की फड़ से 20 लोगों को पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों की जामा तलाशी और जुए की फड़ से कुल 4,79,940 रुपये बरामद किए। मौके से 52-52 पत्तों की दो ताश की गड्डियां और दो बंद गड्डियां भी मिलीं। जुआ खेलने पहुंचे आरोपियों के दो कार और चार मोटरसाइकिल तथा 20 मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश कुमार निवासी पक्का बाग, थाना कोतवाली इटावा, रामबृज उर्फ लालू निवासी रानीपुरा थाना चित्राहाट, आकाश सोनी निवासी अटेर जिला भिंड, अरुण कुमार और रामविलास निवासी शाहपुर थाना चित्राहाट, महेश सिंह व संजय सिंह निवासी कोरथ थाना जैतपुर, शिवकुमार निवासी सुंदरपुरा थाना नसीरपुर, रिंकू व नितिन निवासी पछायगांव इटावा, संजीव कुमार निवासी जसवंतनगर इटावा, रामनरेश व जितेंद्र सिंह निवासी भिंड, अजीत सिंह व शिवराम निवासी मुकुटपुरा जैतपुर, सोनू निवासी पिपरई मुरैना, पवन सिंह निवासी गढ़ी प्रतापपुरा जैतपुर, पवन गुर्जर निवासी लडउआपुरा थाना बसई अरेला, जयबीर निवासी कोल्हू का पुरा थाना चित्राहाट और शिवकरण निवासी चोम्हों थाना अटेर शामिल हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान पुलिस जुए की फड़ के आयोजन और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

यह कार्रवाई डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक कुमार अग्रवाल के नेतृत्व और एसीपी बाह के पर्यवेक्षण में की गई। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार और उपनिरीक्षक विनोद कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने अवैध गतिविधियों और जुआ खेलने वालों के खिलाफ अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

video

Pages