24 घंटे में कुंडल लूट का खुलासा, फतेहपुर सीकरी पुलिस ने शातिर आरोपी को दबोचा
काउंटर इंटेलीजेंस और एसओजी/सर्विलांस की संयुक्त टीम की कार्रवाई, कुंडल, 18 हजार नकद, बाइक और तमंचा-कारतूस बरामद
आगरा। फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र में महिला से कुंडल झपटने की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना फतेहपुर सीकरी, काउंटर इंटेलीजेंस और एसओजी/सर्विलांस पश्चिमी जोन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को मंडी गुल नहर के पास से पकड़ा। उसके कब्जे से लूटा गया एक कुंडल, 18 हजार रुपये नकद, पल्सर मोटरसाइकिल और 315 बोर का तमंचा व दो कारतूस बरामद किए गए हैं।
नगला सराय के नगला बंजारा गांव निवासी बबीता शुक्रवार दोपहर खेत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार युवक ने उनके कान से कुंडल झपट लिया। अचानक हुई वारदात में महिला घायल भी हो गईं। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी।
मामले के खुलासे के लिए पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की जानकारी जुटाई। पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने मंडी गुल नहर के पास घेराबंदी कर अल्ताफ पुत्र एहसान को गिरफ्तार कर लिया।
थाना अध्यक्ष आनंदवीर सिंह के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से महिला से छीना गया एक कुंडल, 18 हजार रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, 315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए हैं। पीड़िता ने आरोपी की पहचान भी कर ली है।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक इतिहास के साथ ही अन्य घटनाओं में उसकी संभावित संलिप्तता की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस की संयुक्त टीम की त्वरित कार्रवाई से घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा हो गया।