संजय प्लेस में नगर निगम का अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, काउंटर-ठेल और धकेल जब्त; 25 हजार का जुर्माना - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 22 सितंबर 2026

संजय प्लेस में नगर निगम का अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, काउंटर-ठेल और धकेल जब्त; 25 हजार का जुर्माना

संजय प्लेस में नगर निगम का अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, काउंटर-ठेल और धकेल जब्त; 25 हजार का जुर्माना

साईं की तकिया से ईदगाह बस स्टैंड तक चला अभियान, फुटपाथ घेरकर चल रहे ढाबे पर भी कार्रवाई; दोबारा कब्जा करने पर सख्त चेतावनी

आगरा। शहर में सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए नगर निगम का अभियान लगातार जारी है। सोमवार को नगर निगम की टीम ने संजय प्लेस से लेकर साईं की तकिया होते हुए ईदगाह बस स्टैंड तक व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान सड़क और फुटपाथ घेरकर रखे गए काउंटर, ठेल और धकेल जब्त किए गए। अतिक्रमणकारियों पर करीब 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।

नगर निगम की कार्रवाई शुरू होते ही सड़क किनारे अस्थायी दुकानें लगाकर और सामान रखकर रास्ता घेरने वालों में खलबली मच गई। टीम ने मौके पर अतिक्रमण हटाने के साथ ही संबंधित लोगों को दोबारा सार्वजनिक स्थान पर कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी।

संजय प्लेस में फुटपाथ पर संचालित किए जा रहे एक ढाबे के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। टीम ने फुटपाथ से अतिक्रमण हटाकर रास्ता खाली कराया। इसके अलावा सड़क किनारे जनरेटर रखकर यातायात व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में भी कार्रवाई की गई।

नगर निगम की टीम ने संजय प्लेस से कार्रवाई शुरू करते हुए साईं की तकिया और आगे ईदगाह बस स्टैंड तक सड़क एवं फुटपाथों का निरीक्षण किया। जहां भी सार्वजनिक मार्ग पर सामान रखकर या अस्थायी ढांचा खड़ा कर रास्ता घेरा गया था, उसे हटाया गया।

नगर आयुक्त संतोष कुमार ने कहा कि शहर में सार्वजनिक मार्गों और फुटपाथों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोबारा कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages