आवारा कुत्तों के हमले से नीलगाय के बच्चे को ग्रामीण ने बचाया, मानवता की मिसाल पेश की - वन विभाग ने किया रेस्क्यू
जनपद आगरा बरहन। थाना बरहन क्षेत्र के गांव गढ़ी टिकैत में आज सुबह करीब 8 बजे एक दिल दहला देने वाली घटना हुई। खेतों में भटक रहे नीलगाय के एक मासूम बच्चे पर आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। गांव के निवासी नौबत सिंह दौड़कर मौके पर पहुंचे और अपनी जान की परवाह न करते हुए उसे कुत्तों के चंगुल से बचा लिया।
नौबत सिंह उसे देखरेख के लिए अपने घर ले आए। घर लाकर देखा तो शावक के पीछे के हिस्से में कुत्तों के काटने से बड़ा और गहरा घाव हो गया था, जिससे वह बुरी तरह तड़प रहा था।
मानवता का परिचय देते हुए नौबत सिंह ने तत्काल प्रभाव से ग्राम प्रधान और वन विभाग को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हुई और बिना देरी किए गांव गढ़ी टिकैत पहुंच गई। टीम ने घायल नीलगाय के बच्चे को कब्जे में लेकर प्राथमिक उपचार के लिए साथ ले गई, जहाँ उसका इलाज किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने नौबत सिंह के इस साहसिक कार्य की जमकर सराहना की है। वहीं वन विभाग के अधिकारियों ने भी कहा कि नीलगाय वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित है और ग्रामीण की सजगता से एक बेजुबान की जान बच गई।