दयालबाग में बार-बार क्यों धंस रही सड़क? चार साल में 30वीं बार बनी समस्या, नगर आयुक्त ने किया निरीक्षण
पुरानी सीवर लाइन को बताया जा रहा वजह, शासन से अनुमति मिलते ही बदली जाएगी लाइन; रिमाइंडर भेजने के निर्देश
आगरा। दयालबाग में सड़क धंसने की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। पिछले करीब चार साल में 30 बार सड़क धंसने की समस्या सामने आ चुकी है। बुधवार को एक बार फिर सड़क धंसने से गहरा गड्ढा हो गया। इसके बाद नगर निगम और संबंधित एजेंसी की टीम ने मौके पर पहुंचकर बैरिकेडिंग कराई और मरम्मत के लिए खुदाई का काम शुरू किया। बार-बार सड़क धंसने की वजह जानने के लिए गुरुवार को नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया।
दयालबाग 100 फुटा रोड और अदनबाग को जोड़ने वाले करीब दो किलोमीटर हिस्से में सड़क धंसने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। नगर आयुक्त के निरीक्षण के दौरान संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि ने सड़क धंसने की वजह पुरानी और क्षतिग्रस्त सीवर लाइन को बताया।
पुरानी सीवर लाइन कई स्थानों पर हो रही क्षतिग्रस्त
निरीक्षण के दौरान मैसर्स वबाग लिमिटेड के प्रतिनिधि ने नगर आयुक्त को बताया कि संबंधित सीवर लाइन काफी पुरानी हो चुकी है। कई स्थानों पर लाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण सड़क के नीचे की स्थिति प्रभावित हो रही है और सड़क धंसने की समस्या सामने आ रही है।
प्रतिनिधि ने बताया कि सीवर लाइन के नवीनीकरण का प्रस्ताव पहले ही शासन को भेजा जा चुका है। शासन से अनुमति मिलने के बाद पुरानी सीवर लाइन के नवीनीकरण का काम शुरू किया जाएगा।
शासन को दोबारा रिमाइंडर भेजने के निर्देश
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने अधिकारियों को सीवर लाइन के नवीनीकरण संबंधी प्रस्ताव पर शासन को दोबारा रिमाइंडर भेजने के निर्देश दिए, ताकि अनुमति की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। उन्होंने सड़क धंसने वाले और सीवर लाइन की मरम्मत की आवश्यकता वाले स्थानों पर तकनीकी परीक्षण कराने को भी कहा।
इसके अलावा आवश्यक स्थानों पर सीवर गैस की सुरक्षित निकासी के लिए चैंबर बनाने के निर्देश दिए गए, जिससे सीवर व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित किया जा सके।
नगर आयुक्त ने अधिकारियों से सड़क धंसने की समस्या वाले स्थानों पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता जलकल, सहायक अभियंता निर्माण संघ भूषण समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।