आगरा विश्वविद्यालय ने शुरू किए आठ ऑनलाइन डिग्री कोर्स, घर बैठे कर सकेंगे ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 11 सितंबर 2026

आगरा विश्वविद्यालय ने शुरू किए आठ ऑनलाइन डिग्री कोर्स, घर बैठे कर सकेंगे ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन

आगरा विश्वविद्यालय ने शुरू किए आठ ऑनलाइन डिग्री कोर्स, घर बैठे कर सकेंगे ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन

बीबीए से एमबीए तक विकल्प, नौकरीपेशा लोगों और दूर रहने वाले विद्यार्थियों को मिलेगा पढ़ाई का लचीला मौका

आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय (डीबीआरएयू), आगरा ने उच्च शिक्षा को विद्यार्थियों के लिए अधिक सुविधाजनक और लचीला बनाने की दिशा में आठ ऑनलाइन डिग्री कार्यक्रम शुरू किए हैं। विश्वविद्यालय के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (सीडीओई) के माध्यम से शुरू किए गए इन पाठ्यक्रमों में विद्यार्थी घर बैठे ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर सकेंगे। इन सभी कार्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया भी शुरू हो गई है।

विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने बताया कि सीडीओई के माध्यम से बीबीए, बीसीए, बीकॉम, एमबीए, एमसीए, एमकॉम, एमए समाजशास्त्र और एमबीए ट्रैवल एंड टूरिज्म मैनेजमेंट के ऑनलाइन कार्यक्रम प्रारंभ किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों को ऐसे विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो नियमित रूप से विश्वविद्यालय परिसर में उपस्थित नहीं हो सकते।

नौकरी के साथ भी जारी रख सकेंगे पढ़ाई

ऑनलाइन पाठ्यक्रमों का लाभ उन विद्यार्थियों को भी मिलेगा, जो नौकरी या अन्य व्यावसायिक जिम्मेदारियों के कारण नियमित कक्षाओं में शामिल नहीं हो पाते। कामकाजी पेशेवर अपनी सुविधा और समय के अनुसार पढ़ाई जारी रख सकेंगे। इसके अलावा भौगोलिक दूरी, स्थान परिवर्तन अथवा अन्य कारणों से कैंपस तक नहीं पहुंच पाने वाले विद्यार्थी भी इन कार्यक्रमों में प्रवेश ले सकेंगे।

कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि ऑनलाइन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को सुव्यवस्थित डिजिटल शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। विद्यार्थी अपनी सुविधा और समय के अनुसार अध्ययन कर सकेंगे।

सिर्फ ऑनलाइन कक्षा नहीं, पूरा डिजिटल सपोर्ट सिस्टम

दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र के निदेशक प्रो. शरद उपाध्याय ने कहा कि आठ ऑनलाइन कार्यक्रमों का शुभारंभ विश्वविद्यालय की डिजिटल शिक्षा यात्रा का महत्वपूर्ण विस्तार है। उद्देश्य केवल पारंपरिक कक्षा शिक्षण को ऑनलाइन माध्यम में बदलना नहीं, बल्कि ऑनलाइन विद्यार्थियों की जरूरतों के अनुरूप प्रभावी और सहज शिक्षण व्यवस्था विकसित करना है।

उन्होंने बताया कि सीडीओई ऐसे डिजिटल तंत्र के निर्माण पर काम कर रहा है, जिसमें विद्यार्थियों को उनकी पूरी शैक्षणिक यात्रा के दौरान गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री, शैक्षणिक सहयोग और निरंतर विद्यार्थी सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

प्रवेश प्रक्रिया शुरू, ऑनलाइन कर सकेंगे आवेदन

विश्वविद्यालय के इन सभी आठ ऑनलाइन डिग्री कार्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी पाठ्यक्रम, पात्रता, प्रवेश प्रक्रिया और अन्य जरूरी जानकारी प्राप्त करने के साथ ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं। इसके लिए विश्वविद्यालय के ऑनलाइन शिक्षा पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है।

video

Pages