आगरा में 31 दिन चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा दिवस से होगी शुरुआत - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 15 सितंबर 2026

आगरा में 31 दिन चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा दिवस से होगी शुरुआत

आगरा में 31 दिन चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर सेवा दिवस से होगी शुरुआत

17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक फल वितरण, रक्तदान, दीप प्रज्ज्वलन समेत होंगे विभिन्न आयोजन; प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने की तैयारियों की समीक्षा

आगरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में मनाते हुए आगरा में 31 दिवसीय ‘सेवा संकल्प अभियान-2026’ का आयोजन किया जाएगा। सोमवार को सर्किट हाउस में जनपद प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक की। अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। इस दौरान जिलेभर में रक्तदान शिविर, फल वितरण, स्वास्थ्य जांच, स्वच्छता, वृक्षारोपण सहित विभिन्न सेवा गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

बैठक में अभियान के तहत प्रस्तावित कार्यक्रमों, विभागवार दायित्व, नोडल अधिकारियों, कार्यक्रम स्थलों और जनसहभागिता की तैयारियों की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रत्येक कार्यक्रम की तिथि, समय, स्थल, नोडल एवं सह-नोडल अधिकारियों तथा संबंधित विभागों की समेकित कार्ययोजना प्रस्तुत की।

प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के निरंतर जनसेवा काल की जनकल्याणकारी उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ने के उद्देश्य से अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने के साथ पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ने, प्रमाणिक डेटा संकलित करने और डिजिटल माध्यम से योजनाओं का प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर रहेगा।

17 सितंबर को हजारों दीयों से जगमगाएंगे प्रमुख स्थल

17 सितंबर को सेवा दिवस के रूप में अभियान का शुभारंभ होगा। ‘आशीर्वाद का दीया’ थीम के तहत जिले के प्रमुख विकास, धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर शाम सात बजे दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। कैलाश मंदिर घाट और बटेश्वर मंदिर कॉरिडोर स्थल पर 15-15 हजार, यमुना आरती स्थल पर 15 हजार तथा पालीवाल पार्क और शहीद स्मारक पर 10-10 हजार दीये जलाए जाएंगे। इसके अलावा बल्केश्वर मंदिर घाट, रामबाग यमुना घाट, फतेहपुर सीकरी किला, अटल आवासीय विद्यालय फतेहपुर सीकरी, सती माता मंदिर फतेहाबाद और गीत गोविंद वाटिका में भी दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम होगा।

सेवा दिवस के अवसर पर अस्पतालों में रक्तदान शिविर और फल वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसी दिन विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर पात्र लोगों को टूलकिट वितरण किया जाएगा।

विद्यार्थियों से आंगनबाड़ी केंद्रों तक कार्यक्रम

अभियान के दौरान विद्यार्थियों को भी विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा जाएगा। ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम के तहत विद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों में ड्राइंग, भाषण और डिबेट प्रतियोगिताएं होंगी। श्रेष्ठ प्रविष्टियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

25 सितंबर से सात अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ के तहत प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय कार्यक्रम होंगे। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं का सम्मान, पोषण एवं स्वास्थ्य जागरूकता, हेल्दी बेबी प्रतियोगिता और बच्चों को उपयोगी सामग्री का वितरण किया जाएगा।

लाभार्थियों की कहानियों का होगा डिजिटल प्रचार

‘सेवा की कहानी’ अभियान के तहत सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की सफलता की कहानियों पर रील और डिजिटल कंटेंट तैयार कर उनका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।

‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत रक्तदान, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, स्वास्थ्य जांच, वृद्धाश्रम और अनाथालय सेवा, नशामुक्ति, पोषण, जल संरक्षण, साइबर सुरक्षा, दिव्यांगजन सहयोग और गौशाला सेवा समेत विभिन्न गतिविधियों में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

प्रभारी मंत्री ने ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में सभी कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

video

Pages