मलिन बस्तियों में पहुंचीं कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान, बोलीं- नारकीय जीवन जीने को मजबूर लोग - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 15 सितंबर 2026

मलिन बस्तियों में पहुंचीं कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान, बोलीं- नारकीय जीवन जीने को मजबूर लोग

मलिन बस्तियों में पहुंचीं कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान, बोलीं- नारकीय जीवन जीने को मजबूर लोग

सफाई, टूटी सड़क और बदहाल शौचालयों को लेकर नगर निगम पर प्रदर्शन की चेतावनी

आगरा। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव नम्रता दान ने दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र की मलिन बस्तियों का दौरा कर वहां की समस्याओं का जायजा लिया। उन्होंने बस्ती की महिलाओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। महिलाओं ने लंबे समय से सफाई न होने, टूटी सड़कों, जगह-जगह कूड़े के ढेर और बदहाल शौचालयों की शिकायत की। स्थानीय लोगों का कहना था कि गंदगी और दुर्गंध के कारण बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बस्ती की महिलाओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लंबे समय से सफाई व्यवस्था ठीक नहीं है। सड़कों की स्थिति खराब है और जगह-जगह कूड़ा जमा होने से लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है। शौचालयों की व्यवस्था भी बदहाल बताई गई। स्थानीय लोगों ने क्षेत्रीय पार्षद और विधायक पर समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

निरीक्षण के दौरान नम्रता दान ने कहा कि आगरा को पूरी दुनिया में मोहब्बत की नगरी के नाम से जाना जाता है, लेकिन भाजपा शासन में शहर की मलिन बस्तियों की स्थिति बेहद खराब हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि मलिन बस्तियों के साथ भेदभाव किया जा रहा है और मूलभूत सुविधाओं के अभाव में लोग नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं।

उन्होंने कहा कि सड़कों पर गंदगी बह रही है और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, इसके बावजूद नगर निगम और सरकार का ध्यान इन बस्तियों की ओर नहीं है। शौचालयों में तैनात कर्मचारियों पर भी उन्होंने जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं करने का आरोप लगाया।

नम्रता दान ने चेतावनी दी कि यदि मलिन बस्तियों में सफाई व्यवस्था और अन्य मूलभूत समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बस्तियों के लोगों की आवाज उठाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए मजबूर किया जाएगा।

इस दौरान पूर्व महानगर अध्यक्ष अश्वनी जैन, अदनान कुरैशी, जगदीश जाटव, पारुल शर्मा, रमेश पहलवान, विकास, पारस कुमार, धर्मेंद्र शर्मा, राहुल शर्मा, अनिल कुमार, विमल शर्मा, कपिल, पिंटू, सपना, नरेंद्र कुमार, शिव सिंह, रविंद्र, मनोज, दीपक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

video

Pages