ऑपरेशन क्लीन के तहत 314 लीटर अवैध देशी शराब का विनष्टीकरण
खेरागढ़। ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत थाना खेरागढ़ पुलिस ने विभिन्न मामलों में बरामद 314 लीटर अवैध देशी शराब का नियमानुसार विनष्टीकरण किया। यह कार्रवाई अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय संख्या-11, आगरा और पुलिस उपायुक्त पश्चिमी आगरा के आदेश के अनुपालन में 5 सितंबर 2026 को थाना परिसर में की गई।
पुलिस के अनुसार, कुल 16 मामलों से संबंधित 1,744 क्वार्टर, करीब 314 लीटर अवैध देशी शराब मालखाने में जमा थी। न्यायालय और उच्चाधिकारियों के आदेश के बाद गठित समिति की देखरेख में शराब को नष्ट किया गया।
विनष्टीकरण के लिए थाना परिसर में गड्ढा खोदा गया, जिसमें निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शराब डालकर उसे नष्ट किया गया। कार्रवाई की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई, ताकि इसका आधिकारिक रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सके।
इस दौरान सहायक पुलिस आयुक्त खेरागढ़ सुनीता चौहान, थाना प्रभारी हरीश कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज कुमार शर्मा, आबकारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार और मालखाना प्रभारी अवधेश कुमार मौजूद रहे। इसके अलावा पुलिस एवं आबकारी विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई को थानों के मालखानों में लंबे समय से लंबित अवैध शराब से जुड़े मामलों के निस्तारण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे मालखानों में रखे जब्त माल के नियमानुसार निस्तारण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी।