चार मांगों को लेकर 5 सितंबर को आगरा में जुटेगा सवर्ण समाज, शहीद स्मारक पर होगा आगरा सत्याग्रह
आगरा। सवर्ण समाज से जुड़े विभिन्न दलों और सामाजिक संगठनों की ओर से अपनी मांगों को लेकर 5 सितंबर 2026 को संजय प्लेस स्थित शहीद स्मारक पर आगरा सत्याग्रह का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर गुरुवार को आयोजकों ने प्रेसवार्ता कर तैयारियों की जानकारी दी। आयोजकों के अनुसार सत्याग्रह में आगरा के अलावा आसपास के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में सवर्ण समाज के लोग शामिल होंगे। कार्यक्रम को विभिन्न सहयोगी दलों और सामाजिक संगठनों का समर्थन मिलने का भी दावा किया गया है।
सत्याग्रह के संयोजक अरुण उपाध्याय ने बताया कि 5 सितंबर को सुबह 10 बजे शहीद स्मारक, संजय प्लेस पर होने वाले सत्याग्रह में प्रधानमंत्री के समक्ष समाज की चार प्रमुख मांगें रखी जाएंगी। इनमें एससीएचसी एक्ट को तत्काल प्रभाव से समाप्त करने, यूजीसी के कथित काले कानून को खत्म करने, सवर्ण आयोग के गठन और आरक्षण व्यवस्था में संशोधन की मांग शामिल है।
अरुण उपाध्याय ने कहा कि संगठन अपनी मांगों को लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से सरकार और प्रशासन के समक्ष रखेगा। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार उनकी मांगों और बातों पर गंभीरता से विचार नहीं करती, तब तक शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से सत्याग्रह जारी रखने के लिए संगठन प्रतिबद्ध रहेगा। उन्होंने समाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने और अनुशासन बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की।
कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सुरेंद्र सिंह भगौर ने बताया कि सत्याग्रह को लेकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। विभिन्न जिलों से आने वाले लोगों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य अपनी मांगों और विचारों को लोकतांत्रिक तरीके से सरकार एवं प्रशासन के समक्ष पहुंचाना है।
आयोजकों ने बताया कि आगरा सत्याग्रह 5 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे शहीद स्मारक, संजय प्लेस, आगरा पर आयोजित होगा। कार्यक्रम को लेकर संगठन की ओर से लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से शामिल होने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई है।
प्रेसवार्ता में सत्याग्रह संयोजक अरुण उपाध्याय, कार्यक्रम प्रभारी डॉ. सुरेंद्र सिंह भगौर, रोहित कटारा, आचार्य राहुल रावत, मुन्ना मिश्रा, एडवोकेट शुभम कटारा, महेश शर्मा प्रधान, कशिश उपाध्याय, आदित्य, पवन चौधरी, अनिकेत, अमन ठाकुर, जीते ठाकुर, राहुल बिष्ट, योगेश अग्रवाल, रवि सिसौदिया, सोहित कटारा, अंकुर सारस्वत एडवोकेट, महान मुद्गल एवं बलविंद्र चाहर सहित अन्य आयोजक और समर्थक मौजूद रहे।