मथुरा में गोकुल बैराज के पास मिली दरोगा की खून से सनी लाश, माथे के बीच गोली का निशान; एसपी ट्रैफिक के थे पेशकार
मथुरा। गोकुल बैराज के पास गुरुवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक दरोगा की खून से सनी लाश पड़ी मिली। दरोगा के माथे के बीच गोली का निशान मिला है। मृतक की पहचान पंकज यादव के रूप में हुई है, जो मथुरा में एसपी ट्रैफिक के पेशकार के पद पर तैनात थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
बताया गया है कि गुरुवार शाम करीब चार बजे गोकुल बैराज के पास सड़क किनारे लोगों ने खून से लथपथ हालत में दरोगा का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।
मृतक दरोगा पंकज यादव मूल रूप से एटा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस को उनके माथे के बीच गोली लगने का निशान मिला है। प्रारंभिक जांच में पुलिस मामला आत्महत्या का मानकर चल रही है, हालांकि घटना की वास्तविक वजह जानने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
दरोगा के एसपी ट्रैफिक के पेशकार होने के कारण घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में खलबली मच गई। खास बात यह है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मथुरा दौरे के बीच हुई इस घटना से पुलिस महकमे में भी हड़कंप की स्थिति बन गई। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।