6 अक्टूबर को निकलेगी आगरा की ऐतिहासिक राम बारात, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर मंथन
पुलिस कमिश्नर कार्यालय में रामलीला और जनकपुरी समिति पदाधिकारियों की बैठक, सफाई, जलभराव, ट्रैफिक और अग्निशमन व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से मांगा सहयोग
आगरा। आगरा की ऐतिहासिक राम बारात इस बार 6 अक्टूबर को निकाली जाएगी। राम बारात और जनकपुरी महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। सुरक्षा, यातायात, सफाई और अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर श्री रामलीला कमेटी और श्री जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की।
बैठक में आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल ने बताया कि हर वर्ष राम बारात निर्धारित समय पर शुरू हो जाती है, लेकिन घाटिया पहुंचने के बाद वापस श्री मनकामेश्वर मंदिर तक आने में काफी समय लग जाता है। इस बार प्रयास किया जा रहा है कि राम बारात निर्धारित समय सीमा में पूरी हो, जिससे श्रद्धालुओं, झांकियों और आयोजन से जुड़े लोगों को परेशानी न हो।
इसके लिए प्रशासन से राम बारात के मार्ग पर यातायात नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था और मार्ग संचालन में आवश्यक सहयोग मांगा गया। आयोजन मार्ग पर नाले-नालियों की सफाई, जलभराव और स्वच्छता व्यवस्था को भी प्रमुखता से उठाया गया।
समिति की ओर से नगर आयुक्त संतोष कुमार से भी मार्ग की सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने का आग्रह किया गया, ताकि राम बारात में शामिल श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुगम मार्ग मिल सके।
बैठक में डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास, अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल, डीसीपी पूर्वी अभिषेक अग्रवाल सहित विभिन्न थानों के एसीपी, अग्निशमन विभाग के अधिकारी और अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने राम बारात और जनकपुरी महोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, अग्निशमन इंतजाम और संवेदनशील स्थानों पर आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों को लेकर समिति पदाधिकारियों से जानकारी ली।
रामलीला कमेटी की ओर से उपाध्यक्ष मुकेश जौहरी, टीएन अग्रवाल और कोऑर्डिनेटर अंजुल बंसल मौजूद रहे। वहीं जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति की ओर से स्वागताध्यक्ष अरविंद शर्मा, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, महामंत्री मनोज जादौन और पार्षद वेद प्रकाश शामिल हुए।
समिति पदाधिकारियों ने कहा कि राम बारात और जनकपुरी महोत्सव आगरा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान से जुड़े प्रमुख आयोजन हैं। इनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। ऐसे में पुलिस, प्रशासन और आयोजन समितियों के बीच बेहतर समन्वय से सुरक्षा, यातायात, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सकेगा।