पर्यटकों को घेरकर ताजमहल घुमाने और होटल दिलाने का झांसा, पर्यटन पुलिस ने तीन लपके-हॉकर दबोचे
ताजमहल के आसपास पर्यटकों को परेशान करने वालों पर पुलिस की सख्ती, गिरफ्तार तीनों आरोपियों को कोर्ट में किया पेश
आगरा। ताजमहल और आसपास के पर्यटन स्थलों पर देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को परेशान करने वाले लपकों और हॉकरों के खिलाफ पर्यटन पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शनिवार को गश्त के दौरान सूचना मिलने पर पर्यटन पुलिस टीम ने पर्यटकों को घेरकर ताजमहल घुमाने, होटल बुक कराने और गाइड उपलब्ध कराने के नाम पर परेशान करने वाले तीन लपकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के मुताबिक 26 सितंबर को पर्यटन पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग पर्यटन स्थल के आसपास पर्यटकों को घेरकर उन्हें ताजमहल घुमाने, होटल बुक कराने और गाइड उपलब्ध कराने के नाम पर परेशान कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और तीन आरोपियों को पकड़ लिया।
यह कार्रवाई ताज सुरक्षा के सहायक पुलिस आयुक्त की देखरेख में पर्यटन थाना प्रभारी और पुलिस टीम ने की। पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पर्यटन स्थलों के आसपास लगातार गश्त और संदिग्ध लपकों की निगरानी की जा रही है, ताकि आगरा आने वाले पर्यटकों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्नालाल बघेल पुत्र सुरेश चंद्र, सोरन सिंह पुत्र नवल सिंह और राजू बघेल पुत्र बाबूलाल बघेल के रूप में हुई है। तीनों ताजगंज क्षेत्र, आगरा के रहने वाले बताए गए हैं।
पर्यटन पुलिस का कहना है कि पर्यटकों को परेशान करने या पर्यटन स्थलों के आसपास अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस की कार्रवाई से ताजमहल क्षेत्र में पर्यटकों को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में सख्ती का संदेश गया है।