ताजमहल के आसपास पर्यटकों को परेशान करने वाले 7 लपके गिरफ्तार
आगरा। ताजमहल देखने आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को परेशान करने वाले लपकों के खिलाफ पर्यटन पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को पुलिस टीम ने पर्यटकों को घेरकर होटल बुकिंग, गाइड और अन्य सेवाओं के नाम पर परेशान करने वाले सात लपकों को गिरफ्तार किया। इससे एक दिन पहले सोमवार को भी चार लपकों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी।
पर्यटन पुलिस के मुताबिक, ताजमहल और आसपास के क्षेत्र में सक्रिय लपके पर्यटकों को अपनी पसंद की दुकानों और कैफे में ले जाने का प्रयास करते थे। आरोप है कि वे पर्यटकों पर अपनी तय दुकानों से खरीदारी करने और बताए गए कैफे में जाने का दबाव बनाते थे। इससे पर्यटकों को असुविधा होती थी और ताजमहल क्षेत्र में अव्यवस्था की स्थिति पैदा होती थी।
पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्यटन पुलिस लगातार ताजमहल और आसपास के इलाकों में गश्त और चेकिंग कर रही है। इसी दौरान पर्यटकों को घेरकर परेशान करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई।
पर्यटन थाना प्रभारी अभिषेक गुप्ता के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस के अनुसार पिछले चार दिनों में करीब 30 लपकों के चालान किए जा चुके हैं। सोमवार को चार और मंगलवार को सात लोगों को पकड़ा गया। सभी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ताजमहल क्षेत्र में पर्यटकों को परेशान करने, जबरन दुकानों या कैफे पर ले जाने अथवा अवैध तरीके से सेवाएं देने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पर्यटन पुलिस का कहना है कि आगरा आने वाले देश-विदेश के पर्यटकों को सुरक्षित और बेहतर माहौल उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है। ताजमहल क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।