एसएन मेडिकल कॉलेज की बदहाल व्यवस्था पर सपा का हल्ला बोल
मंडलायुक्त कार्यालय की ओर बढ़ रहे सपाइयों को पुलिस ने रोका, सड़क पर धरना-प्रदर्शन; न्यायिक जांच की मांग, सात दिन का अल्टीमेटम
आगरा। एसएन मेडिकल कॉलेज एवं सरकारी अस्पतालों में कथित भ्रष्टाचार, मरीजों के शोषण, दलालों के सक्रिय नेटवर्क और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के खिलाफ समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता जिला कार्यालय से मंडलायुक्त कार्यालय की ओर पैदल मार्च करते हुए निकले। कार्यालय के बाहर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई।
पुलिस कार्रवाई के विरोध में सपा कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और प्रदेश सरकार तथा स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बाद में पुलिस अधिकारियों से वार्ता के बाद सपा प्रतिनिधिमंडल ने एसीपी ताज सुरक्षा को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एसएन मेडिकल कॉलेज में कथित भ्रष्टाचार, मरीजों के शोषण, सुरक्षा संबंधी लापरवाही और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली की उच्चस्तरीय न्यायिक जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
दो-तीन महीने बाद मिल रही अल्ट्रासाउंड की तारीख
शब्बीर अब्बास ने कहा कि वर्ष 1854 में स्थापित एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा मंडल समेत करीब दो करोड़ लोगों के लिए प्रमुख सरकारी स्वास्थ्य केंद्र है। इसके बावजूद गरीब और असहाय मरीजों को इलाज के नाम पर कथित शोषण और भ्रष्टाचार का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मरीजों को अल्ट्रासाउंड के लिए दो से तीन महीने बाद की तारीख दी जा रही है, जबकि गंभीर मरीजों को सीटी स्कैन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है।
उन्होंने प्रसूति वार्ड में आवश्यक सुविधाओं की कमी का आरोप लगाते हुए कहा कि दवाइयों और अन्य जरूरी सामान के नाम पर मरीजों के परिजनों को बाहर से हजारों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं।
दलालों और मेडिकल स्टोर नेटवर्क का आरोप
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि अस्पताल परिसर में मेडिकल स्टोर संचालकों और दलालों का नेटवर्क सक्रिय है। आरोप है कि मरीजों को बाहर के निजी मेडिकल स्टोरों पर भेजकर उनका आर्थिक शोषण किया जा रहा है। इसके अलावा निर्धारित शुल्क से अधिक पार्किंग वसूली, साफ-सफाई की खराब व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी तथा जर्जर भवनों की अनदेखी का मुद्दा भी उठाया गया।
न्यायिक जांच समेत पांच प्रमुख मांगें
सपा ने एसएन मेडिकल कॉलेज की कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की सेवानिवृत्त उच्च न्यायालय के न्यायाधीश की अध्यक्षता में न्यायिक जांच कराने की मांग की। साथ ही दलालों, मेडिकल स्टोर संचालकों, अवैध पार्किंग वसूली में शामिल लोगों तथा जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर और निलंबन की कार्रवाई की मांग की गई।
अन्य मांगों में जर्जर भवनों का सुरक्षा ऑडिट, अल्ट्रासाउंड और सीटी स्कैन की सुविधा बढ़ाकर 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा अस्पताल को दलाल-मुक्त बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे, हेल्पलाइन और प्रभावी शिकायत काउंटर शुरू करना शामिल है।
सात दिन में कार्रवाई नहीं तो बड़ा आंदोलन
शब्बीर अब्बास ने शासन और प्रशासन को सात दिन का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि इस अवधि में स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो सपा मरीजों, उनके परिजनों और आम जनता को साथ लेकर एसएन मेडिकल कॉलेज में विशाल धरना-प्रदर्शन करेगी। इसके साथ ही जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।