ताजमहल-आगरा किला के आसपास पर्यटकों को परेशान कर रहे थे लपके और अवैध गाइड, पर्यटन पुलिस ने 7 को दबोचा
आगरा। ताजमहल और आगरा किला देखने आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को परेशान करने वाले लपकों, हॉकरों, वेंडरों और अवैध रूप से गाइड का काम करने वालों के खिलाफ पर्यटन पुलिस ने अभियान चलाकर कार्रवाई की है। थाना पर्यटन पुलिस टीम ने अभियान के दौरान कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, ताजमहल और आगरा किला के आसपास लगातार निगरानी रखते हुए ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, जो पर्यटकों को परेशान करते हैं या बिना अधिकृत अनुमति के गाइड के रूप में काम करते हैं। अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सात व्यक्तियों को पकड़ा और उनके खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
पर्यटन पुलिस का कहना है कि आगरा में देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक ताजमहल और अन्य ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करने पहुंचते हैं। पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी या असुविधा न हो, इसके लिए प्रमुख पर्यटन स्थलों के आसपास लगातार निगरानी और अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पर्यटन स्थलों के आसपास सुरक्षित और बेहतर माहौल बनाए रखना प्राथमिकता है। पर्यटकों को परेशान करने वाले लपकों, हॉकरों, वेंडरों और अवैध गाइड के खिलाफ कार्रवाई का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।