iPhone 17 छीनकर भागे दो युवक 24 घंटे में गिरफ्तार, सिकंदरा पुलिस ने बरामद किया मोबाइल और बाइक
आगरा। थाना सिकंदरा क्षेत्र में मोबाइल छिनैती की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छिना गया iPhone 17 और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की है। त्वरित कार्रवाई से पुलिस ने घटना के बाद फरार आरोपियों तक पहुंचकर मोबाइल छिनैती की वारदात का खुलासा कर दिया।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 9:30 बजे एक युवक मोबाइल फोन पर बात करते हुए एकता मॉल के पास टहल रहा था। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और युवक के हाथ से iPhone 17 मोबाइल फोन छीनकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना सिकंदरा में मुकदमा संख्या 476/2026, धारा 304(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना सिकंदरा पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सुनारी चौराहे के पास से भानू और रिषभ को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से छिनैती का iPhone 17 मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई।
पुलिस की इस कार्रवाई में घटना की सूचना मिलने के महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली गई। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।