सदर बाजार पुलिस का जुआरियों पर शिकंजा, ताश की बाजी लगा रहे 8 गिरफ्तार
दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के पास चल रहा था जुए का खेल, 52 ताश के पत्ते और 29,050 रुपये बरामद
आगरा। थाना सदर बाजार पुलिस ने जुआ खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगा रहे आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 52 ताश के पत्ते और 29,050 रुपये की नकदी बरामद की है।
पुलिस टीम थाना क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के पास पर्यटन विभाग के कार्यालय के बगल वाले रास्ते पर कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने उच्चाधिकारियों से अनुमति लेकर बताए गए स्थान पर दबिश दी।
पुलिस के पहुंचते ही मौके पर ताश के पत्तों से हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे शिवा, पारस, सचिन, सिकंदर, शिवम, दीपक उर्फ दीपू, अजय चौहान और देवेश को गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 52 ताश के पत्ते और कुल 29,050 रुपये बरामद हुए।
बरामदगी के आधार पर थाना सदर बाजार में आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 614/2026, धारा 13 सार्वजनिक द्यूत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।