दयालबाग में युवक पर जानलेवा फायरिंग का मामला, न्यू आगरा पुलिस ने आरोपी को दबोचा
100 फुटा रोड ऑटो स्टैंड पर दोस्तों को छोड़ने पहुंचे युवक पर चलाई गई थी गोली, अतुल फार्म हाउस के पास से गिरफ्तारी
आगरा। थाना न्यू आगरा क्षेत्र के दयालबाग में युवक पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में संलिप्त बताए जा रहे अरविंद गौतम उर्फ कन्हैया को अतुल फार्म हाउस के पास से दबोचा है। आरोपी की गिरफ्तारी घटना से जुड़े साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, वादी रात के समय अपने दोस्तों को दयालबाग स्थित 100 फुटा रोड पर छोड़ने आया था। इसके बाद वह दयालबाग ऑटो स्टैंड पर खड़ा था। आरोप है कि इसी दौरान सिद्धार्थ राना और तरुण चौधरी अपने चार-पांच अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे और वादी को जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
मामले में वादी की तहरीर के आधार पर थाना न्यू आगरा में मु0अ0सं0 377/2026, धारा 191(2), 191(3), 190 और 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त नगर के निर्देश पर थाना न्यू आगरा पुलिस की टीम गठित की गई। सहायक पुलिस आयुक्त हरीपर्वत के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने घटना से संबंधित साक्ष्यों को जुटाया और आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने अरविंद गौतम उर्फ कन्हैया को अतुल फार्म हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।