पांच महीने से फरार किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 1 सितंबर 2026

पांच महीने से फरार किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपी गिरफ्तार

पांच महीने से फरार किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोपी गिरफ्तार

निबोहरा पुलिस ने फतेहाबाद बस स्टैंड से दबोचा, एक दिन पहले ही सकुशल बरामद हुई थी किशोरी

आगरा। थाना निबोहरा पुलिस ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में करीब पांच महीने से फरार चल रहे वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को फतेहाबाद बस स्टैंड से दबोचा। पुलिस की कार्रवाई के एक दिन पहले ही किशोरी को सकुशल बरामद किया जा चुका था।

पुलिस के मुताबिक 8 अप्रैल 2026 को निबोहरा थाने में किशोरी के परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 3 अप्रैल को भारत पुत्र विजेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम डाबली, थाना किरावली, किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी।

संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी बीच सोमवार को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी फतेहाबाद बस स्टैंड पर मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी भारत को गिरफ्तार कर लिया।

30 अगस्त को बरामद हुई थी किशोरी

पुलिस ने बताया कि किशोरी को 30 अगस्त को सकुशल बरामद कर लिया गया था। इसके बाद आवश्यक प्रक्रिया के तहत उसे मेडिकोलीगल परीक्षण के लिए लेडी लॉयल अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त और अपर पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट आगरा के निर्देशन में, पुलिस उपायुक्त पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल के नेतृत्व तथा सहायक पुलिस आयुक्त शमशाबाद के पर्यवेक्षण में की गई।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक ब्रजेश कुमार, उपनिरीक्षक विजय कपाडिया और उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है।

video

Pages