आगरा पुलिस की तत्परता से बची एक जिंदगी, पेश की मानवता की मिसाल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 6 सितंबर 2026

आगरा पुलिस की तत्परता से बची एक जिंदगी, पेश की मानवता की मिसाल

आगरा पुलिस की तत्परता से बची एक जिंदगी, पेश की मानवता की मिसाल

आगरा (बाह)। उत्तर प्रदेश पुलिस जहां कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जानी जाती है, वहीं कई बार उसके मानवीय चेहरे की झलक भी देखने को मिलती है। ऐसा ही एक सराहनीय मामला आगरा के थाना बाह क्षेत्र से सामने आया है, जहां पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक 23 वर्षीय युवती की जान बच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना बाह पुलिस को सूचना मिली थी कि नौरंगी घाट के पास यमुना नदी के किनारे एक युवती आत्महत्या करने के उद्देश्य से खड़ी है और नदी में कूदने जा रही है। सूचना मिलते ही थाना बाह पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए एक पल भी गंवाए बिना मौके के लिए रवाना हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि युवती बेहद परेशान अवस्था में नदी किनारे खड़ी है। पुलिस कर्मियों ने सूझबूझ और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए युवती को बातों में उलझाया और धीरे-धीरे उसे सुरक्षित किनारे की ओर ले आए। इस तरह एक बड़ी अनहोनी होने से टल गई।

घरेलू कलह बनी वजह

थाने लाकर पूछताछ करने पर युवती ने बताया कि वह घरेलू कलह और पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक रूप से परेशान थी, जिसके चलते उसने यह आत्मघाती कदम उठाने का निर्णय लिया था। पुलिस ने इस मामले में केवल कानूनी कार्रवाई तक सीमित न रहते हुए काउंसलर की भूमिका निभाई।

पुलिस टीम ने तुरंत युवती के परिजनों से संपर्क किया और उन्हें थाने बुलाया। इसके बाद पुलिस ने युवती और उसके परिजनों दोनों की अलग-अलग और एक साथ काउंसलिंग की। उन्हें समझाया कि जीवन अनमोल है और हर समस्या का समाधान बातचीत से निकल सकता है।

काउंसलिंग के बाद युवती का मन शांत हुआ और उसने भविष्य में ऐसा कदम कभी न उठाने का आश्वासन दिया। इसके बाद पुलिस ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर युवती को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

थाना बाह पुलिस की इस तत्परता और मानवीय कार्य की क्षेत्र में चारों ओर सराहना हो रही है। इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि आगरा पुलिस न सिर्फ अपराध रोकने में बल्कि नागरिकों की जान बचाने में भी सदैव तत्पर है।

video

Pages