छलेसर के झरना नाले में मिला अज्ञात युवती का शव, हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका
आगरा। कुबेरपुर के छलेसर स्थित झरना नाले में सोमवार देर शाम करीब 27 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। युवती का शव झाड़ियों के बीच नाले में पड़ा देख राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। आशंका जताई जा रही है कि युवती की किसी अन्य स्थान पर हत्या करने के बाद पहचान छुपाने के मकसद से शव को यहां लाकर फेंका गया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी आदित्य सिंह पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। नाले और आसपास का इलाका काफी दुर्गम होने के कारण डीसीपी ने स्वयं बाइक से रात्रि में ही पूरे घटनास्थल और आसपास के जंगलों का गहन निरीक्षण किया। सूचना मिलते ही विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने भी पहुंचकर घटनास्थल से फिंगरप्रिंट और अन्य अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
डीसीपी आदित्य सिंह ने बताया कि पुलिस ने साक्ष्यों को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया शव को बाहर से लाकर यहां फेंका जाना प्रतीत हो रहा है। शव यहां कैसे और किन परिस्थितियों में लाया गया, पुलिस इसका पता लगाने के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों और रास्तों की पड़ताल कर रही है।
पुलिस के अनुसार, युवती की मौत लगभग एक दिन पहले होने का अनुमान है। शव के पहनावे और हुलिए के आधार पर पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं मृतका ने हरे रंग का लोअर और टॉपनुमा कुर्ता पहन रखा है। युवती के हाथ में कलावा (पूजा का धागा) और गले में काला धागा बंधा हुआ मिला है।