आगरा के युवाओं से जुड़ेंगे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ का आज लाइव प्रसारण - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 19 सितंबर 2026

आगरा के युवाओं से जुड़ेंगे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ का आज लाइव प्रसारण

आगरा के युवाओं से जुड़ेंगे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ का आज लाइव प्रसारण

इंदौर में राहुल गांधी करेंगे छात्रों से संवाद, आगरा में शाम पांच बजे होटल श्याम पैलेस में होगा सीधा प्रसारण

आगरा। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ संवाद कार्यक्रम को लेकर आगरा में भी तैयारियां की गई हैं। 19 सितंबर को मध्य प्रदेश के इंदौर में होने वाले कार्यक्रम का आगरा में लाइव प्रसारण किया जाएगा। राहुल गांधी का यह कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ अभियान का पांचवां आयोजन है। इससे पहले कोटा, देहरादून, प्रयागराज और पुणे में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।

आगरा में लाइव प्रसारण का आयोजन शाम पांच बजे होटल श्याम पैलेस, सेंट जॉन्स चौराहा से लोहामंडी मार्ग पर किया जाएगा। कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार इसमें शहर के विभिन्न कॉलेजों के छात्र-छात्राओं के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस की ओर से बताया गया कि कार्यक्रम के जरिए शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं और छात्रों से जुड़े अन्य मुद्दों पर संवाद किया जा रहा है। राहुल गांधी ने भी छात्रों से शिक्षा व्यवस्था और उनके सामने आने वाली समस्याओं को साझा करने का आह्वान किया है।

पोस्टर जारी कर किया जनसंपर्क

कार्यक्रम को लेकर शुक्रवार शाम बाईपास रोड, खंदारी स्थित होटल विक्रम पैलेस में पोस्टर जारी किया गया। इसका विमोचन अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की सचिव नम्रता दान, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामनाथ सिकरवार, शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अमित सिंह और वरिष्ठ कांग्रेस नेता अश्विनी जैन ने संयुक्त रूप से किया।

कांग्रेस नेत्री नम्रता दान ने कहा कि पेपर लीक, लंबित भर्तियों, बेरोजगारी, फीस वृद्धि और छात्राओं की सुरक्षा जैसे विषयों को लेकर राहुल गांधी छात्रों से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगरा के युवाओं और जेन-जी को इस संवाद से जोड़ने के लिए इंदौर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जा रहा है।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष रामनाथ सिकरवार ने कहा कि छात्रों और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर संवाद आवश्यक है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंह ने युवाओं से शनिवार शाम पांच बजे होटल श्याम पैलेस पहुंचने की अपील की।

इंदौर में होने वाले कार्यक्रम के लिए आयोजन स्थल को लेकर पहले नेहरू स्टेडियम का मामला सामने आया था, जिसके बाद वैकल्पिक स्थल पर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और आयोजन संबंधी शर्तें भी तय की गई हैं।

इस दौरान यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष ताहिर हुसैन, प्रदेश सचिव सलमान कुरैशी, जिला उपाध्यक्ष सतेंद्र दुबे, शहर उपाध्यक्ष बुरहान शमसी, दक्षिण विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अनुज शर्मा, सतेंद्र मुद्गल, लखन सिकरवार, राहुल रावत, जगदीश जाटव और सोनू चाहर समेत कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।

video

Pages