जन्मदिन की आड़ में धर्म परिवर्तन की सभा का पुलिस ने किया खुलासा, चार गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 25 सितंबर 2026

जन्मदिन की आड़ में धर्म परिवर्तन की सभा का पुलिस ने किया खुलासा, चार गिरफ्तार

जन्मदिन की आड़ में धर्म परिवर्तन की सभा का पुलिस ने किया खुलासा, चार गिरफ्तार

सैंया के जोधपुरा में लोगों को बीमारी दूर करने और आर्थिक मदद का लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आरोप, सोशल मीडिया ग्रुपों से टारगेट और फंडिंग की भी जांच

आगरा। थाना सैंया क्षेत्र के गांव जोधपुरा में जन्मदिन की पार्टी के बहाने लोगों को एकत्रित कर कथित तौर पर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किए जाने का मामला सामने आया है। थाना सैंया पुलिस और साइबर ऑपरेशन एंड काउंटर इंटेलिजेंस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मौके से चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभा में शामिल लोगों को बीमारी दूर होने, आर्थिक सहायता और अन्य लाभ का प्रलोभन देकर धार्मिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा था।

पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव जोधपुरा में एक व्यक्ति के घर पर जन्मदिन की पार्टी के नाम पर महिला और पुरुषों को एकत्रित किया गया है और वहां धर्म परिवर्तन से संबंधित गतिविधियां चल रही हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनीत वेदी पुत्र करीमन वेदी निवासी राजविहार कॉलोनी, मीनावाला, सिरसी रोड, जयपुर राजस्थान, बंटू उर्फ डोंगर सिंह पुत्र ओमप्रकाश निवासी चहलपुर, सहपऊ, धौलपुर राजस्थान, मुखराज पुत्र कल्याण सिंह निवासी मितावली, थाना खेरागढ़ आगरा और प्रताप सिंह पुत्र गिरिराज कुशवाह निवासी ग्राम जोधपुर, थाना सैंया आगरा के रूप में हुई है।

पहले समस्याओं से परेशान परिवारों से संपर्क, फिर धार्मिक गतिविधियों से जोड़ने का आरोप

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपियों द्वारा गांव के एक व्यक्ति के घर को संपर्क स्थल के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था। यहां महिला और पुरुषों को एकत्रित कर धार्मिक शिक्षाओं और गतिविधियों के बारे में जानकारी दी जाती थी। पुलिस के अनुसार, आरोपियों की ओर से पहले व्यक्तिगत, पारिवारिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से परेशान लोगों और परिवारों से संपर्क स्थापित किया जाता था।

जांच में यह भी सामने आया कि प्रार्थना और सहायता के माध्यम से लोगों का विश्वास हासिल करने के बाद उन्हें आर्थिक मदद, बीमारी ठीक होने अथवा अन्य लाभ का भरोसा दिलाकर धार्मिक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जाता था। इसके बाद उन्हें धार्मिक सभाओं में शामिल कर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किए जाने की बात पुलिस जांच में सामने आई है।

सोशल मीडिया ग्रुपों में टारगेट देने और फंडिंग की जांच

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान आरोपियों के विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संचालित कई ग्रुपों से जुड़े होने की जानकारी मिली है। इन ग्रुपों के माध्यम से नए लोगों को संपर्क में लाने और धार्मिक गतिविधियों से जोड़ने के लिए टारगेट और दिशा-निर्देश दिए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि टारगेट पूरा होने के आधार पर आरोपियों अथवा उनसे जुड़े लोगों को आर्थिक सहायता या फंडिंग किस स्तर से और किस माध्यम से उपलब्ध कराई जाती थी। सोशल मीडिया ग्रुपों, संपर्कों और आर्थिक लेनदेन से जुड़े तथ्यों की पुलिस पड़ताल कर रही है।

पुलिस के मुताबिक पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपियों के संपर्क में कितने लोग थे तथा सोशल मीडिया के जरिए इस गतिविधि से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका रही है। मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages