खेरागढ़ में घर में घुसकर चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार
देवी माता मंदिर के पास चाय की दुकान से दबोचा, निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद
आगरा। खेरागढ़ कस्बे में घर में घुसकर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी लाला पुत्र भूपसिंह को शनिवार को खेरागढ़ बस स्टैंड के पास देवी माता मंदिर के समीप एक चाय की दुकान से दबोच लिया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया। चाकू की बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 4/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के अनुसार घटना 5 सितंबर 2026 की है। पीड़ित की ओर से थाना खेरागढ़ में दी गई तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि लाला ने ड़ोरी नवुआ और सोनू के साथ मिलकर घर में घुसकर पीड़ित और उसके परिवार पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया। हमले में कई लोग घायल हुए थे। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी खेरागढ़ ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लाला कश्यप और तेजवीर सिंह को आगरा रेफर किया गया था।
पुलिस ने मामले में मुकदमा संख्या 187/2026 दर्ज करते हुए बीएनएस की धारा 109(1), 118(1), 191(2) और 333 के तहत कार्रवाई शुरू की थी। घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस के मुताबिक, 12 सितंबर को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित आरोपी बस स्टैंड के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने देवी माता मंदिर के पास चाय की दुकान पर दबिश देकर लाला को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया।
पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी हरीश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक अनुज कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक बृजगोपाल, कांस्टेबल रोमिश और कांस्टेबल अंकुश कुमार शामिल रहे।