आगरा में छुपा बैठा था 5 किलो सोना लूटने का आरोपी, छह साल से थी तलाश - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 13 सितंबर 2026

आगरा में छुपा बैठा था 5 किलो सोना लूटने का आरोपी, छह साल से थी तलाश

आगरा में छुपा बैठा था 5 किलो सोना लूटने का आरोपी, छह साल से थी तलाश

अहमदाबाद में आयकर अधिकारी बनकर बस रुकवाई, दो लोगों से लूटा था सोना; सिकंदरा की सोसाइटी से गिरफ्तारी

आगरा। गुजरात के अहमदाबाद में आयकर अधिकारी बनकर करीब पांच किलो सोना लूटने के मामले में वांछित आरोपी छह साल से पुलिस की नजरों से बचकर आगरा में रह रहा था। गुजरात पुलिस ने आगरा एसटीएफ की मदद से आरोपी को सिकंदरा क्षेत्र के बाईंपुर स्थित रामरघु आनंदा सोसाइटी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान निखिल मेहरा के रूप में हुई है।

गुजरात के अहमदाबाद ग्रामीण थाने में दर्ज मुकदमे के अनुसार, घटना फरवरी 2021 की है। पुलिस के मुताबिक, निखिल मेहरा अपने साथियों के साथ आयकर अधिकारी बनकर एक बस को रुकवाने पहुंचा था। बस में सोना लेकर जा रहे दो लोगों को आरोपियों ने अपने कब्जे में ले लिया और करीब पांच किलो सोना लूट लिया। आरोप है कि वारदात के बाद पीड़ितों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें सुनसान स्थान पर छोड़ दिया गया था।

घटना के बाद से ही गुजरात पुलिस आरोपी निखिल मेहरा की तलाश कर रही थी। लगातार फरार रहने के कारण उसकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। पुलिस को उसके आगरा में छिपे होने की जानकारी मिली, जिसके बाद गुजरात पुलिस ने आगरा एसटीएफ से संपर्क किया। संयुक्त कार्रवाई करते हुए टीम ने सिकंदरा के बाईंपुर स्थित रामरघु आनंदा सोसाइटी में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह आईपीएल सट्टे में करीब 15 लाख रुपये हार गया था। इसके बाद वह आपराधिक गतिविधियों में शामिल हुआ। पुलिस आरोपी से उसके गिरोह में शामिल अन्य लोगों और लूटे गए सोने के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

छह साल से फरार चल रहे आरोपी की आगरा से गिरफ्तारी को गुजरात पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अब पुलिस उसके आगरा में रहने के दौरान किन लोगों के संपर्क में था और उसने यहां अपनी पहचान कैसे छिपाकर रखी, इसकी भी जांच कर रही है।

video

Pages