आगरा जिला जेल पहुंची ‘हनुमान अंश’ की स्टारकास्ट, कैदियों संग गूंजा राम नाम; ‘पार्वती’ गीत से भक्तिमय हुआ जेल परिसर
आगरा। नीम करौली बाबा के जीवन, आध्यात्मिक विचारों और राम नाम के संदेश से प्रेरित चर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ की स्टारकास्ट गुरुवार को जिला जेल, आगरा पहुंची। फिल्म कलाकारों ने जेल में निरुद्ध कैदियों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें आत्मचिंतन, सकारात्मक बदलाव तथा राम नाम से जुड़कर जीवन की नई शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जेल परिसर में कुछ देर के लिए भक्ति और आध्यात्मिकता का माहौल बन गया।
कार्यक्रम में फिल्म के कलाकार विशाल चतुर्वेदी, शोभिनव सत्या, पूर्णिमा तिवारी, ऋषि पाठक तथा संगीतकार एवं गायक साधु तिवारी सहित फिल्म टीम के अन्य सदस्य शामिल हुए। कलाकारों ने कैदियों से फिल्म निर्माण, अपने किरदारों की तैयारी, शूटिंग के अनुभव और फिल्म के पीछे छिपे आध्यात्मिक संदेश को साझा किया। उन्होंने कहा कि जीवन में परिस्थितियां चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, सकारात्मक सोच और आत्मचिंतन के जरिए बदलाव की शुरुआत की जा सकती है।
‘पार्वती’ गीत से गूंजा जेल परिसर, कैदियों ने भी किया राम नाम का संकीर्तन
कार्यक्रम में संगीत और भक्ति का विशेष संगम देखने को मिला। संगीतकार एवं गायक साधु तिवारी ने फिल्म का चर्चित ‘पार्वती’ गीत प्रस्तुत किया। इसके बाद ऋषि पाठक ने राम नाम से जुड़ी संगीतमय प्रस्तुति दी। फिल्म की टीम के साथ जेल में निरुद्ध कैदियों ने भी राम नाम के जाप और संकीर्तन में सहभागिता की। देखते ही देखते जेल परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया और राम नाम के स्वर गूंजने लगे।
कैदियों को सकारात्मक जीवन का दिया संदेश
कलाकारों ने कैदियों से संवाद करते हुए उन्हें राम नाम, सेवा और मानवता के मार्ग से जुड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अतीत में हुई गलतियों से सीख लेकर सकारात्मक सोच के साथ भविष्य को बेहतर बनाया जा सकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य कैदियों के भीतर आत्मविश्वास और सकारात्मक परिवर्तन की भावना को बढ़ावा देना तथा उन्हें समाज की मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस विशेष आयोजन में प्रमुख उद्यमी पूरन डाबर और जिला जेल प्रशासन के हरिओम शर्मा का विशेष सहयोग रहा। फिल्म टीम और जेल प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित करने तथा कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। आयोजन को सफल बनाने में स्वामी आनंद अग्रवाल, राजदीप सिंह, आशीष शर्मा एवं सुबोध का भी सहयोग रहा।
यूपी में टैक्स फ्री कराने की मांग, कैदियों के लिए विशेष स्क्रीनिंग का प्रस्ताव
फिल्म के सामाजिक और आध्यात्मिक संदेश को देखते हुए ‘हनुमान अंश’ को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री किए जाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अनुरोध करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके साथ ही आगरा जिला जेल में निरुद्ध कैदियों के लिए फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग कराने की अनुमति मांगी गई है।
कार्यक्रम का समापन राम नाम, भजन और जीवन में सकारात्मक बदलाव का संकल्प लेने के साथ हुआ। फिल्म टीम की इस पहल को कैदियों के बीच आध्यात्मिक चेतना और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने वाली विशेष पहल के रूप में देखा गया।