पांच घंटे में भैंसा चोरी का खुलासा, सैंया पुलिस ने तीन आरोपी दबोचे
भैंसा बेचकर मिले 24,800 रुपये बरामद, चौकी प्रभारी अफरोज खान की टीम ने की कार्रवाई
आगरा। थाना सैंया क्षेत्र में हुई भैंसा चोरी की घटना का पुलिस ने महज पांच घंटे में खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए भैंसे को बेचकर प्राप्त 24,800 रुपये भी बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 7 सितंबर को थाना सैंया क्षेत्र के गढ़ी गदसान और लादूखेड़ा गांवों में भैंसा चोरी की घटना सामने आई थी। पीड़ित द्वारा भैंसे की तलाश किए जाने के बाद मामले में 10 सितंबर को थाना सैंया में मुकदमा दर्ज कराया गया। घटना के खुलासे की जिम्मेदारी चौकी प्रभारी लादूखेड़ा अफरोज खान को सौंपी गई।
पुलिस टीम ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के साथ सर्विलांस सेल की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की। पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजा पुत्र राजू निवासी ग्राम महाम, थाना इरादतनगर, शेरखान पुत्र कालीचरण उर्फ करकुआ निवासी महल बादशाही, थाना डौकी और जावेद पुत्र ताजुद्दीन निवासी टोला मोहल्ला, थाना शमसाबाद के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने चोरी किए गए भैंसे को बेच दिया था। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर भैंसा बिक्री से प्राप्त 24,800 रुपये बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महज कुछ घंटों में पशु चोरी की घटना का खुलासा होने पर क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता की चर्चा रही।