सड़क हादसे में आरक्षी हर्ष तोमर का निधन, पुलिस लाइंस में नम आंखों से दी अंतिम विदाई
खंदौली थाने में तैनात थे आरक्षी हर्ष तोमर, वर्ष 2021 में पुलिस विभाग में हुए थे भर्ती
आगरा। थाना खंदौली, कमिश्नरेट आगरा में तैनात आरक्षी हर्ष तोमर का सड़क दुर्घटना में असामयिक निधन हो गया। जवान के निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को पुलिस लाइन्स परिसर में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने दिवंगत आरक्षी को सलामी देकर नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
आरक्षी हर्ष तोमर वर्ष 2021 में आरक्षी पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे और वर्तमान में थाना खंदौली में तैनात थे। सड़क दुर्घटना में उनके असामयिक निधन से साथी पुलिसकर्मी भी गमगीन नजर आए। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आरक्षी के पार्थिव शरीर को अंतिम सलामी देते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत आरक्षी की आत्मा की शांति और सद्गति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही उनके परिजनों और प्रियजनों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई।
आगरा पुलिस परिवार ने दिवंगत आरक्षी हर्ष तोमर को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा—शत्-शत् नमन।