सेंट जॉन्स कॉलेज में युवा उद्यमिता पर संवाद, स्टार्ट-अप और स्वरोजगार के अवसरों पर चर्चा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 24 सितंबर 2026

सेंट जॉन्स कॉलेज में युवा उद्यमिता पर संवाद, स्टार्ट-अप और स्वरोजगार के अवसरों पर चर्चा

सेंट जॉन्स कॉलेज में युवा उद्यमिता पर संवाद, स्टार्ट-अप और स्वरोजगार के अवसरों पर चर्चा

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को इनक्यूबेशन और वित्तीय सहायता की दी जानकारी

आगरा। सेंट जॉन्स कॉलेज के असेंबली हॉल में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विशेष आयोजन एवं सांस्कृतिक कार्य समिति द्वारा डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के विवेकानंद इनक्यूबेशन फाउंडेशन के सहयोग से संवादात्मक सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को स्टार्ट-अप, स्वरोजगार, इनक्यूबेशन और युवा उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।

मुख्य अतिथि महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने स्टार्ट-अप और स्वरोजगार को बढ़ावा देने में संस्थागत सहयोग के महत्व पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और उनमें उद्यमशीलता की भावना विकसित करने में शिक्षकों, मेंटर्स और शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

प्रोफेसर विन्नी जैन ने विद्यार्थियों को कठोर परिश्रम करने, परिवार का सम्मान करने और अपने निर्धारित लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सफलता के लिए लगन, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास को आवश्यक बताया।

प्रोफेसर नमिता श्रीवास्तव ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में ऐसा अनुकूल वातावरण विकसित किया जाना चाहिए, जहां विद्यार्थी नवाचार, उद्यमिता और स्वरोजगार के नए अवसरों को तलाश सकें।

डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के विवेकानंद इनक्यूबेशन सेल से योगेंद्र तोमर ने विद्यार्थियों के साथ विस्तृत संवाद किया। उन्होंने इनक्यूबेशन केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध अवसरों के साथ-साथ स्टार्ट-अप और उद्यमशील परियोजनाओं के लिए उपलब्ध विभिन्न वित्तीय स्रोतों एवं सहायता योजनाओं की जानकारी दी। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने उद्यमिता को करियर विकल्प के रूप में लेकर रुचि दिखाई।

कार्यक्रम में प्रोफेसर संजय जैन, प्रोफेसर संजीव शर्मा, प्रोफेसर प्रीति मसीह सहित महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

video

Pages