आगरा में बारिश में भीगकर मेहमानों ने किया ताज का दीदार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 7 सितंबर 2026

आगरा में बारिश में भीगकर मेहमानों ने किया ताज का दीदार

आगरा में बारिश में भीगकर मेहमानों ने किया ताज का दीदार

BRICS समूह के सहभागी देशों के मुख्य न्यायाधीशों समेत 65 सदस्यीय न्यायिक प्रतिनिधिमंडल ने देखा ताजमहल और लालकिला

आगरा। भारत की अध्यक्षता में 4 से 6 सितंबर 2026 तक नई दिल्ली में आयोजित ‘BRICS Chief Justices' Forum’ में शामिल विदेशी न्यायिक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को आगरा पहुंचकर विश्व प्रसिद्ध ताजमहल और ऐतिहासिक लालकिले का दीदार किया। बारिश के बीच भी विदेशी मेहमानों का उत्साह कम नहीं हुआ और उन्होंने भीगते हुए ताजमहल की खूबसूरती को निहारा।

भारत के सर्वोच्च न्यायालय की मेजबानी में आयोजित इस वैश्विक न्यायिक सम्मेलन में BRICS तथा सहभागी देशों के मुख्य न्यायाधीशों और उच्चस्तरीय न्यायिक अधिकारियों ने सहभागिता की। सम्मेलन में शामिल 65 सदस्यीय न्यायिक प्रतिनिधिमंडल में रूस, बोलीविया, मिस्र, दक्षिण अफ्रीका और इंडोनेशिया सहित सहभागी देशों के न्यायिक अधिकारी शामिल रहे।

प्रतिनिधिमंडल में रूसी संघ के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश इगोर क्रासनोव, बोलीविया के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश डॉ. रोमेर साउसेडो गोमेज़ तथा मिस्र के मा. बूलस फहमी इस्कंदर बूलस समेत अन्य वरिष्ठ न्यायिक अधिकारी शामिल रहे।

आगरा पहुंचने पर प्रतिनिधिमंडल ने ताजमहल और लालकिले का भ्रमण किया। बारिश के बावजूद विदेशी अतिथियों ने ताजमहल की स्थापत्य कला, इतिहास और भव्यता में गहरी रुचि दिखाई। ताजमहल परिसर में सुरक्षा और प्रोटोकॉल के बीच अतिथियों ने स्मारक का अवलोकन किया।

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने भारत के सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशानुसार विदेशी अतिथियों के आगमन और भ्रमण को लेकर सुरक्षा, प्रोटोकॉल, पायलट-एस्कॉर्ट, यातायात सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराईं। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि विदेशी अतिथियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ प्रतिनिधिमंडल के आगमन और भ्रमण को गरिमामय ढंग से संपन्न कराएं।

BRICS Chief Justices' Forum के तहत हुई यह यात्रा भारत की सांस्कृतिक विरासत और न्यायिक सहयोग के साथ-साथ वैश्विक मंच पर आगरा की ऐतिहासिक पहचान को भी प्रदर्शित करने वाली रही।

video

Pages