आगरा में आधी रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, दो गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 7 सितंबर 2026

आगरा में आधी रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, दो गिरफ्तार

आगरा में आधी रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, दो गिरफ्तार

एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल, तमंचे-कारतूस, जेवरात और नकदी बरामद

आगरा के थाना फतेहाबाद क्षेत्र में शनिवार देर रात छिनैती की घटनाओं में शामिल बदमाशों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। मुखबिर की सूचना पर थाना फतेहाबाद पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे शमसाबाद की ओर से बिना नंबर की अपाचे बाइक आती दिखाई दी। पुलिस टीम ने बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी और बाइक लेकर हुसैनपुर गांव की ओर भागने लगे।

पुलिस टीम ने पीछा करते हुए बदमाशों की घेराबंदी की। आरोप है कि घिरने के बाद बदमाशों ने दोबारा पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश वीकेश, निवासी फकीरे की मढ़ैया, थाना बलरई, इटावा के पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस ने उसके साथी सोनू वर्मा उर्फ लुक्का, निवासी बबूल खाना बमुरियाई, थाना निबोहरा, आगरा को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, घटनाओं से संबंधित आभूषण, 18 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी क्षेत्र में हुई छिनैती की घटनाओं में शामिल रहे हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

video

Pages