फतेहाबाद में बिजली का तार चोरी करते युवक गिरफ्तार, कटा केबल और कटर बरामद
पुलिस और बिजली विभाग के अवर अभियंता की तत्परता से मौके पर हुई गिरफ्तारी
आगरा। फतेहाबाद थाना पुलिस ने बिजली का तार चोरी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कटा हुआ बिजली का केबल और तार काटने में इस्तेमाल किया गया कटर बरामद किया है। पुलिस ने बिजली विभाग के अवर अभियंता के सहयोग से मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक सोमवार को थाना फतेहाबाद पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि गोपाल मार्केट पलिया में एक व्यक्ति बिजली का तार काटकर चोरी कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिजली विभाग के अवर अभियंता के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेंद्र निवासी पुरूआ कल्यानपुर, थाना फतेहाबाद, कमिश्नरेट आगरा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक कटा हुआ बिजली का केबल और एक कटर बरामद किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
इस मामले में थाना फतेहाबाद में मुकदमा अपराध संख्या 260/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस और बिजली विभाग की टीम की तत्परता से तार चोरी की घटना में आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया।