संजय प्लेस में बाइक चोरी का खेल बेनकाब, आठ घंटे में आरोपी गिरफ्तार - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 15 सितंबर 2026

संजय प्लेस में बाइक चोरी का खेल बेनकाब, आठ घंटे में आरोपी गिरफ्तार

संजय प्लेस में बाइक चोरी का खेल बेनकाब, आठ घंटे में आरोपी गिरफ्तार

हरीपर्वत पुलिस ने तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं, दूसरा आरोपी फरार

आगरा। थाना हरीपर्वत पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना का आठ घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की तीन मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें स्प्लेंडर और टीवीएस राइडर समेत अन्य बाइक शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था और चोरी की मोटरसाइकिलों को कम कीमत में राहगीरों को बेचने की तैयारी में था।

पुलिस के अनुसार संजय प्लेस क्षेत्र से मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत मिलने के बाद हरीपर्वत पुलिस टीम सक्रिय हो गई। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध की तलाश शुरू की। इसी दौरान ट्रांसपोर्ट नगर के पीछे खराब ट्रकों के पास एक युवक के मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल और नकदी के साथ बाइक का लॉक तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला सूआ भी बरामद किया। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर खराब ट्रकों के पीछे छिपाकर रखी गई तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पुलिस के मुताबिक आरोपी चोरी की बाइक को तत्काल बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में था।

जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथी के साथ मिलकर संजय प्लेस और आसपास के क्षेत्रों में मोटरसाइकिल चोरी करता था। चोरी करने के बाद बाइक को ऐसी जगह छिपा दिया जाता था, जहां किसी को आसानी से नजर न आए। बाद में उन्हें कम कीमत पर राहगीरों को बेच दिया जाता था।

हरीपर्वत पुलिस ने आठ घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। मामले में पुलिस दूसरे आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है कि वे किन-किन स्थानों से चोरी की गई थीं।

video

Pages