ग्रेटर नोएडा हादसे के बाद आगरा में स्लीपर बसों की चेकिंग, यात्रियों से भी किया संवाद - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 28 सितंबर 2026

ग्रेटर नोएडा हादसे के बाद आगरा में स्लीपर बसों की चेकिंग, यात्रियों से भी किया संवाद

ग्रेटर नोएडा हादसे के बाद आगरा में स्लीपर बसों की चेकिंग, यात्रियों से भी किया संवाद

डीसीपी ट्रैफिक रवीन्द्र कुमार के निर्देशन में तीन टोल प्लाजा पर चला ‘मीट एंड ग्रीट’ अभियान, चालक-परिचालकों को दिए सुरक्षा के निर्देश

आगरा। ग्रेटर नोएडा में हुए बस हादसे के बाद आगरा ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। डीसीपी ट्रैफिक रवीन्द्र कुमार के निर्देशन में जाजऊ टोल प्लाजा, फतेहाबाद टोल प्लाजा और खंदौली टोल प्लाजा पर रोडवेज और स्लीपर बसों की चेकिंग की गई। ‘मीट एंड ग्रीट’ अभियान के तहत पुलिस टीम ने बसों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ यात्रियों से भी बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।

अभियान के दौरान टीएसआई कपिल कुमार और अमित कुमार ने बसों को रुकवाकर चालक और परिचालकों से बातचीत की। पुलिस ने उन्हें यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने, वाहन संचालन में सावधानी बरतने और किसी भी तरह की लापरवाही से बचने के निर्देश दिए। खास तौर पर महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर बस स्टाफ को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। यात्रियों के साथ चालक-परिचालकों के व्यवहार और सुरक्षा से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी पुलिस ने जानकारी ली।

सिर्फ चेकिंग नहीं, यात्रियों की मदद भी

अभियान की खास बात यह रही कि पुलिसकर्मी केवल बसों की जांच तक सीमित नहीं रहे। उन्होंने बसों में सवार यात्रियों से सीधे संवाद किया और सफर के दौरान सुरक्षा एवं सुविधा को लेकर उनका अनुभव जाना। पुलिस टीम की ओर से यात्रियों को पानी की बोतलें भी वितरित की गईं। सफर के बीच पुलिसकर्मियों के इस व्यवहार को यात्रियों ने सराहा।

हादसे के बाद बढ़ी सतर्कता

ग्रेटर नोएडा में हुए हादसे के बाद बस यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है। आगरा ट्रैफिक पुलिस की ओर से चलाया गया अभियान इसी क्रम में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की पहल है। पुलिस का फोकस बसों में सफर करने वाले यात्रियों की सुरक्षा के साथ चालक-परिचालकों की जिम्मेदारी और महिला यात्रियों के लिए सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने पर रहा।

टोल पर दिखा पुलिस का मानवीय अंदाज

टोल प्लाजा पर बसों की चेकिंग के साथ पुलिसकर्मी यात्रियों से बातचीत करते और उन्हें पानी की बोतल देते नजर आए। पुलिस के इस अलग अंदाज से यात्रियों में भी सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली। ट्रैफिक पुलिस की ओर से यात्रियों की सुरक्षा और बस संचालन व्यवस्था को लेकर अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।

video

Pages