आगरा में मेट्रो पुल पर चढ़ा युवक, पानी की समस्या को लेकर जताया विरोध; एमजी रोड पर लगा जाम - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 20 सितंबर 2026

आगरा में मेट्रो पुल पर चढ़ा युवक, पानी की समस्या को लेकर जताया विरोध; एमजी रोड पर लगा जाम

आगरा में मेट्रो पुल पर चढ़ा युवक, पानी की समस्या को लेकर जताया विरोध; एमजी रोड पर लगा जाम

एक महीने से बंद पाइपलाइन से बढ़ी परेशानी का आरोप, समर्थन में उतरे क्षेत्रीय लोगों ने भी किया प्रदर्शन

आगरा। एमजी रोड स्थित धाकरान चौराहे पर शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पानी की समस्या से नाराज एक युवक मेट्रो पुल पर पहुंच गया और गंभीर कदम उठाने की धमकी देने लगा। युवक का आरोप था कि क्षेत्र में पिछले करीब दस वर्षों से पानी की समस्या बनी हुई है, लेकिन लगातार शिकायतों के बावजूद समाधान नहीं हो रहा है। उसका कहना था कि मेट्रो निर्माण कार्य के चलते करीब एक महीने से पाइपलाइन बंद है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई। युवक को समझाने के साथ ही उसे सुरक्षित नीचे लाने के प्रयास किए गए। इस बीच युवक के समर्थन में क्षेत्र की महिलाएं और पुरुष भी एमजी रोड पर पहुंच गए और पानी की समस्या को लेकर विरोध जताने लगे। प्रदर्शन के चलते सड़क पर जाम की स्थिति बन गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बड़ा गालिबपुरा, छोटा गालिबपुरा, तोपखाना, हवेली करीब खां, डेरा सरस और हल्का मदान समेत आसपास के कई इलाकों में बड़ी आबादी पानी की समस्या से जूझ रही है। लोगों के मुताबिक, पानी की व्यवस्था के लिए उन्हें दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। मेट्रो कार्य के कारण पाइपलाइन बंद होने से समस्या और गंभीर हो गई है।

प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस और संबंधित अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। काफी प्रयास के बाद लोगों को समझाकर सड़क से हटाया गया, जिसके बाद एमजी रोड पर यातायात सामान्य कराया जा सका। स्थानीय लोगों ने पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराने और बंद पाइपलाइन को जल्द शुरू कराने की मांग की है।

लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं और लंबे समय से पानी की समस्या झेल रहे हैं। उनका आरोप है कि जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों तक समस्या पहुंचाने के बावजूद प्रभावी समाधान नहीं हुआ। शनिवार को युवक के विरोध और सड़क पर प्रदर्शन के बाद एक बार फिर क्षेत्र की पेयजल समस्या सामने आ गई।

video

Pages