जिस बेटे को दौड़ लगाने भेजा, घर लौटी उसकी मौत की खबर; गांव में पसरा मातम
15 वर्षीय गिरीश की दौड़ के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत, सांस लेने में हुई परेशानी; अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
आगरा के फतेहाबाद क्षेत्र के निबोहरा थाना अंतर्गत पल्टुआ पुरा गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। रोज की तरह साथियों के साथ दौड़ लगाने निकले 15 वर्षीय गिरीश कुमार की अचानक तबीयत बिगड़ गई। दौड़ के दौरान उसे सांस लेने में परेशानी हुई और वह जमीन पर बैठ गया। साथियों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी और परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गिरीश कुमार पुत्र पोहप सिंह मंगलवार सुबह अपने साथियों के साथ गांव के बाहर दौड़ लगाने गया था। बताया गया कि दौड़ते समय अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। साथियों ने जब उससे परेशानी के बारे में पूछा तो उसने सांस लेने में दिक्कत होने की बात बताई। हालत बिगड़ती देख गिरीश ने साथियों से घरवालों को सूचना देने के लिए कहा।
साथियों ने तुरंत परिजनों को जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और गिरीश को उपचार के लिए अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था गिरीश
15 वर्षीय बेटे की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कुछ देर पहले ही जिस किशोर को परिवार ने सामान्य दिनों की तरह दौड़ लगाने के लिए घर से भेजा था, उसकी मौत की खबर ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया।
परिजनों के मुताबिक गिरीश पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ा था और कक्षा पांच में पढ़ता था। वह रोज की तरह अपने साथियों के साथ दौड़ लगाने गया था। किसी को अंदाजा नहीं था कि कुछ ही देर बाद घर में मातम छा जाएगा।
अचानक बिगड़ी तबीयत ने खड़े किए सवाल
परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार दौड़ लगाने के दौरान ही गिरीश की तबीयत अचानक बिगड़ी थी। उसने सांस लेने में परेशानी की शिकायत की और इसके बाद उसकी हालत तेजी से खराब हो गई। किशोर की अचानक मौत के वास्तविक कारणों को लेकर परिवार और ग्रामीणों में चिंता है।
ग्राम प्रधान हाकिम सिंह वर्मा ने बताया कि घटना से पूरा गांव दुखी है। गिरीश की अचानक मौत की खबर से ग्रामीण स्तब्ध हैं और परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।