कमला नगर के तुलसी अपार्टमेंट में भीषण आग, महिला ने दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 30 सितंबर 2026

कमला नगर के तुलसी अपार्टमेंट में भीषण आग, महिला ने दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला

कमला नगर के तुलसी अपार्टमेंट में भीषण आग, महिला ने दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला

पीवीसी पैनल के चलते तेजी से फैली आग, करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने पाया काबू

आगरा के कमला नगर क्षेत्र में मुगल रोड स्थित तुलसी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने के समय फ्लैट के अंदर एक महिला अपने दो बच्चों के साथ मौजूद थी। आग की लपटें तेजी से फैलने पर महिला ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते तीनों के बाहर आ जाने से बड़ा हादसा टल गया।

बताया गया है कि तुलसी अपार्टमेंट के फ्लैट में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। अपार्टमेंट में मौजूद लोगों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। लोगों ने अपने स्तर से भी आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। एहतियात के तौर पर बिजली की सप्लाई भी बंद करा दी गई, ताकि आग के दौरान कोई अन्य हादसा न हो।

कुछ देर बाद दमकल की टीम भी मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि फ्लैट के अंदर प्रवेश करना मुश्किल हो रहा था। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

पीवीसी पैनल के कारण तेजी से फैली आग

फ्लैट के अंदर पीवीसी पैनल लगे हुए थे। आग लगने के बाद इन पैनलों के चलते लपटें तेजी से फैलती चली गईं। इससे कुछ ही देर में फ्लैट का बड़ा हिस्सा आग की चपेट में आ गया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दमकल कर्मियों को भी आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

फिलहाल आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। शुरुआती राहत की बात यह रही कि महिला और उसके दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

video

Pages