घर में घुसकर कुल्हाड़ी-तलवार से हमला करने का आरोपी गिरफ्तार, पिनाहट पुलिस ने दबोचा
आगरा। थाना पिनाहट क्षेत्र में घर में घुसकर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरविन्द पुत्र पप्पू उर्फ बाबा, निवासी ग्राम पुरा नत्था झोरियान, थाना पिनाहट के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, घटना 17 नवंबर 2025 की है। वादी मुकेश कुमार के घर में घुसकर पप्पू, धर्मेंद्र, गब्बर सिंह, सचिन, अरविन्द, दानवीर और पांच अन्य अज्ञात लोगों ने कुल्हाड़ी और तलवार से परिजनों पर हमला कर दिया था। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से वार किए, जिसमें पीड़ित पक्ष के कई लोग घायल हो गए थे। घटना के संबंध में वादी की तहरीर पर थाना पिनाहट में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। सोमवार शाम थाना पिनाहट पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मुकदमे में वांछित अभियुक्त अरविन्द क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब छह बजे ग्राम झोरियन में तालाब के पास स्थित खोखे के निकट से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। इसके बाद पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विरेश पाल गिरि, उपनिरीक्षक गोपाल पवार, उपनिरीक्षक शुभम सिंह, हेड कांस्टेबल राहुल रोशा और महिला कांस्टेबल प्रेमलता शामिल रहीं।