डीसीपी पश्चिमी जोन ने किया थाना अछनेरा का औचक निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण पर जोर
आगरा। पुलिस उपायुक्त पश्चिमी जोन, कमिश्नरेट आगरा के प्रभारी ने मंगलवार को थाना अछनेरा का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर से लेकर कार्यालय और विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
डीसीपी ने थाना परिसर, कार्यालय, अभिलेखों, महिला एवं साइबर हेल्पडेस्क, मालखाना तथा शस्त्रागार का निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अभिलेखों के रख-रखाव और व्यवस्थाओं को भी देखा गया।
निरीक्षण के दौरान विवेचकों एवं संबंधित अधिकारियों के स्तर पर चल रही विवेचनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। अधिकारियों को लंबित विवेचनाओं का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही थाने पर आने वाली जनशिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण करने को कहा गया।
अपराध नियंत्रण और शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की प्रभावी चेकिंग तथा रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए। डीसीपी ने पुलिसकर्मियों को क्षेत्र में सतर्कता बनाए रखते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।