कांग्रेस लोकतंत्र की लड़ाई की जगह, अराजकता की राजनीति कर रही है : के.के. भारद्वाज
आगरा:- भाजपा नेता के.के. भारद्वाज ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के आगरा स्थित पैतृक आवास पर कांग्रेस का प्रदर्शन उसकी राजनीतिक हताशा और मर्यादाहीन राजनीति का शर्मनाक उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्था को बदनाम करने से लेकर उसके प्रमुख के पैतृक घर पर पहुंचकर नारे लिखने तक कांग्रेस ने लोकतांत्रिक विरोध की सारी सीमाएं लांघ दी हैं। रिपोर्टों के अनुसार प्रदर्शन के दौरान संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सुरक्षा में तैनात होमगार्ड से मारपीट कर अनैतिक कृत्य कर चुकी है।
श्री भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस के पास यदि चुनाव प्रक्रिया पर कोई ठोस सवाल है तो प्रमाण लेकर संवैधानिक मंच पर जाए, सड़क पर गुंडागर्दी करके नहीं। हार की हताशा में संवैधानिक संस्थाओं को कटघरे में खड़ा करना और अब परिवार के पैतृक आवास को निशाना बनाना कांग्रेस की सोच को उजागर करता है।
उन्होंने कहा कांग्रेस को “जनता के वोट का सम्मान करना सीखना चाहिए। चुनाव आयोग को धमकाने से जनादेश नहीं बदलेगा और न ही नारेबाजी से कांग्रेस की राजनीतिक जमीन वापस आएगी।”