आगरा में तीन दिन रहेगी पानी की किल्लत, अलग-अलग दिन इन क्षेत्रों में बंद रहेगी सप्लाई
आगरा। शहर के कई इलाकों में अगले तीन दिनों तक पानी की किल्लत का सामना करना पड़ सकता है। जलकल विभाग की ओर से 8 से 10 सितंबर तक अलग-अलग जोनल पंपिंग स्टेशनों के अंडरग्राउंड पानी के टैंकों की सफाई कराई जाएगी। इसके चलते प्रत्येक दिन अलग-अलग क्षेत्रों में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी।
जलकल विभाग ने लोगों से अपील की है कि संबंधित क्षेत्र के लोग पानी की समस्या से बचने के लिए पहले से पर्याप्त मात्रा में पानी स्टोर कर लें। जरूरत पड़ने पर विभाग से पानी का टैंकर भी मंगाया जा सकता है।
8 सितंबर को शास्त्रीपुरम में नहीं आएगा पानी
8 सितंबर को शास्त्रीपुरम जोनल पंपिंग स्टेशन स्थित अंडरग्राउंड पानी के टैंक की सफाई की जाएगी। इसके चलते पूरे शास्त्रीपुरम क्षेत्र में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। क्षेत्रीय लोगों को पहले से पानी का इंतजाम करने की सलाह दी गई है।
9 सितंबर को हलवाई की बगीची और आवास विकास प्रभावित
9 सितंबर को हलवाई की बगीची स्थित अंडरग्राउंड पानी के टैंक की सफाई का काम होगा। इसके कारण हलवाई की बगीची के साथ-साथ आवास विकास के सभी सेक्टरों में पानी की सप्लाई नहीं होगी।
10 सितंबर को संजय प्लेस समेत इन इलाकों में संकट
10 सितंबर को संजय प्लेस जोनल पंपिंग स्टेशन के पानी के टैंक की सफाई की जाएगी। इसके चलते संजय प्लेस के अलावा मंडी सईद खां, खटीकपाड़ा समेत आसपास के क्षेत्रों में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी।
जलकल विभाग ने की पानी स्टोर करने की अपील
जलकल विभाग समय-समय पर पानी के टैंकों की सफाई कराता है, ताकि पानी की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था बेहतर बनी रहे। इसी क्रम में इन तीन दिनों में अलग-अलग टैंकों की सफाई की जाएगी। विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के लोगों से अपील की है कि वे सफाई के निर्धारित दिन से पहले अपनी जरूरत के अनुसार पानी का भंडारण कर लें।
अगर किसी परिवार को अतिरिक्त पानी की जरूरत पड़ती है तो जलकल विभाग से पानी का टैंकर मंगाया जा सकता है। इससे टैंक की सफाई के दौरान होने वाली अस्थायी जलापूर्ति समस्या से राहत मिल सकती है।