पिनाहट पुलिस ने घातक हमले के मामले में वांछित अभियुक्त किया गिरफ्तार
जनपद आगरा। पुलिस कमिश्नरेट आगरा के थाना पिनाहट क्षेत्र में घर में घुसकर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए अभियुक्त की पहचान अरविन्द पुत्र पप्पू उर्फ बाबा निवासी ग्राम पुरा नत्था झोरियान थाना पिनाहट के रूप में हुई है।
मामला 17 नवंबर 2025 का है, जब वादी मुकेश कुमार के घर में घुसकर विपक्षियों—पप्पू, धर्मेन्द्र, गब्बरसिंह, सचिन, अरविन्द, दानवीर और 5 अन्य अज्ञात लोगों ने कुल्हाड़ी व तलवार से परिजनों पर जान से मारने की नियत से हमला कर दिया था। इस हमले में पीड़ित पक्ष के लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। वादी की तहरीर पर थाना पिनाहट में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
इसी क्रम में सोमवार की शाम को थाना पिनाहट पुलिस टीम चेकिंग अभियान पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त अरविन्द क्षेत्र में मौजूद है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शाम लगभग छः बजे ग्राम झोरियन में तालाब के पास स्थित खोखे के निकट से अभियुक्त को दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त का चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद पुलिस उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजने की विधिक कार्रवाई कर रही है।