आगरा में भीषण सड़क हादसा: पेड़ से टकराई तेज रफ्तार कार, दो युवाओं की मौत
डौकी क्षेत्र में टंकी चौराहे के पास हुआ हादसा, कार के परखच्चे उड़े; इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम
आगरा। फतेहाबाद रोड पर सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे में कार सवार दो युवाओं की मौत हो गई। डौकी क्षेत्र में टंकी चौराहे के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
फतेहाबाद के कुतलपुर निवासी 34 वर्षीय योगेंद्र और निबोहरा निवासी 30 वर्षीय गजेंद्र सिंह सोमवार रात कार से आगरा से फतेहाबाद की ओर जा रहे थे। फतेहाबाद रोड पर डौकी क्षेत्र में टंकी चौराहे के पास अचानक कार अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। कार की ड्राइविंग सीट और उसके बराबर वाली सीट पर दोनों युवक फंसे हुए थे। लोगों ने किसी तरह दोनों को बाहर निकाला, लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी। हादसे की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई की।
योगेंद्र अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गजेंद्र सिंह की मौत की सूचना से उनके परिवार में भी मातम पसरा हुआ है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।