आगरा में रात के सन्नाटे में दो घरों में चोरी, सोते रहे परिवार; रोडवेज क्लर्क के घर से जेवर-कैश पार
अकोला के नगला परिमाल में चोरों ने बनाया निशाना, दूसरे मकान के भी टूटे ताले; पुलिस जांच में जुटी
आगरा। अकोला क्षेत्र में सोमवार रात चोरों ने दो घरों को निशाना बना लिया। एक घर में परिवार के लोग पहली मंजिल पर सोते रहे और चोर नीचे कमरों के ताले व दरवाजे खोलकर जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, पड़ोस के एक अन्य मकान में भी कमरों के ताले टूटे मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अकोला के नगला परिमाल निवासी मुकेश कुमार रोडवेज में क्लर्क हैं। सोमवार शाम वह ड्यूटी के लिए आगरा चले गए थे। घर में उनकी पत्नी पूनम और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। रात में परिवार के सभी लोग मकान की पहली मंजिल पर बने कमरे में सोने चले गए।
रात में मुकेश की पत्नी पूनम की आंख खुली तो उन्होंने देखा कि घर के कमरों के दरवाजे खुले हुए हैं। नीचे जाकर देखा तो सामान अस्त-व्यस्त था। जांच करने पर पता चला कि चोर घर से ज्वैलरी और नकदी चोरी कर ले गए हैं। चोरी की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
पड़ोसी के घर में भी टूटे मिले ताले
मुकेश के घर में चोरी की जानकारी मिलने के बाद पड़ोसियों ने अपने-अपने घरों की जांच शुरू की। इसी दौरान बगल में रहने वाले अशोक चाहर के मकान में भी कमरों के ताले टूटे मिले। इससे इलाके में चोरी की वारदात को लेकर दहशत फैल गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों मकानों का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही घटना की जांच में जुटी है। चोरी गए सामान और नकदी का ब्योरा जुटाया जा रहा है।