बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने उठाया खौफनाक कदम, गला काटकर हत्या के बाद खुद थाने पहुंचकर दी सूचना - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 4 सितंबर 2026

बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने उठाया खौफनाक कदम, गला काटकर हत्या के बाद खुद थाने पहुंचकर दी सूचना

बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने उठाया खौफनाक कदम, गला काटकर हत्या के बाद खुद थाने पहुंचकर दी सूचना

आगरा। थाना एकता क्षेत्र के पचगाई खेड़ा में कथित ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेटी के प्रेम प्रसंग से नाराज पिता पर अपनी ही बेटी की गला काटकर हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी पिता खुद थाने पहुंचा और पुलिस को बेटी की हत्या की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

दो दिन पहले घर से चली गई थी बेटी

जानकारी के मुताबिक पचगाई खेड़ा निवासी युवती का पड़ोस में रहने वाले एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के पिता को यह रिश्ता मंजूर नहीं था और इसे लेकर परिवार में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। बताया गया है कि करीब दो दिन पहले युवती घर से चली गई थी। इस संबंध में पिता ने पुलिस को सूचना दी थी और मुकदमा दर्ज कराया गया था।

अगले दिन सुबह पिता स्वयं बेटी को लेकर थाने पहुंचा था। पुलिस के सामने युवती के बयान दर्ज किए गए थे। युवती ने बताया था कि वह घर में हुए विवाद के बाद नाराज होकर चली गई थी और बाद में स्वयं वापस लौट आई।

हत्या के बाद खुद पुलिस को दी सूचना

बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम पिता ने कथित रूप से अपनी बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद वह स्वयं थाने पहुंचा और पुलिस को वारदात की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

पुलिस के अनुसार, घर के अंदर बेड पर युवती का शव पड़ा था। उसके सिर और गर्दन पर चोट के निशान मिले हैं। पुलिस ने पिता की निशानदेही पर कथित आला-ए-कत्ल भी बरामद कर लिया है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। युवती की हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग और पारिवारिक विवाद की भूमिका समेत सभी पहलुओं को जांच में शामिल किया गया है। पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

video

Pages